मामला प्रतापपुर विधायक के कथित जाति प्रमाणपत्र प्रकरण से जुड़ा 

बलरामपुर। प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते पर लगी अटकलें कम होने का नाम नही ले रही हैं। विधायक के कथित फर्जी जाति प्रकरण पर गुरूवार को जिला स्तरीय सत्यापन समिति के समक्ष सुनवाई हुई। इसमें विधायक की ओर से सत्यापन समिति के सुनवाई के क्षेत्राधिकार को लेकर आपत्ति की, इसे सत्यापन समिति ने खारिज कर दिया, अब मामले में 17 मार्च को सुनवाई होगी। इस दौरान विधायक शकुंतला पोर्ते को जाति प्रमाण पत्र से संबंधित दस्तावेज समिति के समक्ष पेश करने होंगे।

बता दें कि आदिवासी समाज के धन सिंह धुर्वे ने हाईकोर्ट में विधायक के जाति प्रमाण पत्र के संबंध में याचिका लगाया है। हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला स्तरीय सत्यापन समिति में हो रही जाति प्रकरण की सुनवाई में विधायक पक्ष के अधिवक्ताओं ने तर्क रखा था कि पिछली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों में बहस हुई थी और विधायक के अधिवक्ताओं ने आपत्ति दर्ज कराई थी। सत्यापन समिति ने विधायक पक्ष की आपत्ति को खारिज करते हुए सुनवाई के लिए 17 मार्च की तिथि निर्धारित कर दी है। आदिवासी समाज के अधिवक्ताओं का तर्क है कि उन्होंने विधायक की विधायकी को लेकर याचिका दायर नहीं की है, जाति प्रमाण पत्र के संबंध में याचिका लगाई है। सत्यापन समिति जाति प्रमाण पत्र के संबंध में ही सुनवाई कर रही है। फिलहाल प्रकरण की सुनवाई ने एक बार फिर सियासी फिजा में जाति प्रमाण पत्र शून्य घोषित करने जैसी अनौपचारिक परिस्थितियां खड़ी कर दी है। जैसे -जैसे सुनवाई की तारीखों का ऐलान होता है, वैसे ही लोगों में प्रकरण का नतीजा जानने की ललक पैदा हो जाती है। इस बार भी हर बार की तरह तारीख बढ़ा दी गई है। ऐसे में अब देखने वाली बात होगी कि अगली सुनवाई में दोनों पक्ष के अधिवक्ता क्या नया तर्क रखते हैं।

Categorized in: