हर तीन महीने में लगेगा स्वास्थ्य शिविर, हर सुविधा होगी उपलब्ध

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य को मजबूत बनाने की दिशा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सरगुजा ने एक प्रेरणादायी और जनहितकारी पहल करते हुए बिनिया, पटकोरा, लब्जी (मैनपाठ) एवं डांडकेसरा गांवों को गोद लिया है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इन गांवों के नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भटकना न पड़े, बल्कि उन्हें नियमित, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके।

आईएमए सरगुजा द्वारा इन गांवों के लिए स्वास्थ्य संबंधी हर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत हर तीसरे महीने एक गांव में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता एवं जरूरत अनुसार आगे की चिकित्सा सुविधा से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। आईएमए सरगुजा के सचिव डॉ. अर्पण सिंह चौहान ने बताया कि, आईएमए का प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवा केवल शहरों तक सीमित न रहे। ग्रामीण अंचलों तक नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारा सामाजिक दायित्व है। यह पहल निरंतर जारी रहेगी और जरूरत अनुसार इसका विस्तार भी किया जाएगा। आईएमए सरगुजा की यह पहल समाज के प्रति डॉक्टरों की संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सेवा भावना का सशक्त उदाहरण है। यह अभियान निश्चित रूप से अन्य संस्थाओं एवं समाज के सभी वर्गों को भी जनहित में आगे आने की प्रेरणा देगा।

Categorized in: