02 अंतर्राज्यीय आरोपियों से कोतवाली पुलिस ने 21.400 किलो गांजा जब्त किया

अंबिकापुर। गांजा तस्करी के मामले में 02 अंतर्राज्यीय आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, इनके कब्जे से 21 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। जब्त किए गए गांजा की कीमत 04 लाख 28 हजार रुपये है। इनके पास से नकद रकम 3090 रुपये भी पुलिस ने जब्त किया है। आरोपियों द्वारा मादक पदार्थ गांजा को उड़ीसा से खरीद कर बिक्री करने के लिए लाना बताया गया।

अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त आरोपियों पर सरगुजा पुलिस लगातार पैनी नजर रख रही है, इसी क्रम में 17 फरवरी को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड के पीछे गुमटी के सामने दो व्यक्ति सफेद रंग के प्लास्टिक बोरा में अवैध मादक पदार्थ गांजा रख कर बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतज़ार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम घेराबंदी करते हुए आरोपियों तक पहुंची। बोरा में रखे सामान के बारे में पूछताछ करने पर दोनों संतोषप्रद जवाब नहीं दिए। पुलिस टीम ने जांच, तलाशी की प्रक्रिया पूरी करके बोरे की तलाशी ली, तो गांजा मिला, जिसे आरोपी युवक उड़ीसा से लेकर राधेश्याम बस से अंबिकापुर पहुंचे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमित शर्मा पिता संतोष शर्मा 21 वर्ष निवासी चुनार मेडिया थाना चुनार, जिला मिर्जापुर उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम रामनगर औद्योगिक क्षेत्र कटारिया थाना मुगलसराय जिला चंदौली उत्तर प्रदेश व देवचंद यादव पिता जगदीश यादव 20 वर्ष निवासी कान्हानागर कैमूर थाना अघोरा जिला कैमूर बिहार का होना बताया। पूछताछ में इनके द्वारा उड़ीसा के एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये में गांजा खरीदकर लाने की जानकारी दी है। उक्त अवैध मादक पदार्थ को वे बिक्री करने के लिए बनारस उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। आरोपियों से पुलिस ने 21 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक संदीप सिंह, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा व जयदीप सिंह, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, मनीष सिंह, जितेश साहू, संजय तिवारी, शिव राजवाड़े, मंटू गुप्ता, सैनिक सुनील गुप्ता सक्रिय रहे।

 

Categorized in: