अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में कलेक्टर बंगला रोड में स्थित हर्बल हाउस से चंदन का पेड़ काटकर ले जाने का मामला सामने आया है। करीब 25 फीट ऊंचा यह पेड़ वन विभाग के शासकीय क्वार्टर के बाहर लगा था। मौके को देखने के बाद प्रतीत होता है कि चंदन का पेड़ काटकर ले जाने के पहले चोर बैठकर शराब पिए, बाद में आरा मशीन से पेड़ को काट दिया। इसके पहले भी चंदन का पेड़ होने के कई मामले सामने आए हैं, इसके बाद भी वन विभाग बेशकीमती चंदन के पेड़ों की सुरक्षा के लिए कोई एहतियात बरतने जैसा कदम नहीं उठा पाया है। हैरत की बात यह है कि विशाल वृक्ष को काटकर चोरी करके ले जाने की घटना से वरिष्ठ अधिकारी दोपहर तक अनजान रहे। इसके पहले दिसंबर 2024 में अज्ञात तस्करों ने मुख्य वन संरक्षक कार्यालय के पीछे स्थित नर्सरी से तीन चंदन के पेड़ों को काटकर पार कर दिया था, एक को मौके पर ही छोड़ दिया था। देखा जाए तो वन विभाग के जहां आला अफसर बैठते हैं, वहां सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला एक तरह से सामने आया था। वहीं माखन विहार फॉर्म हाउस से भी करीब ढाई दशक पुराने चंदन के चार पेड़ों की चोरी हुई थी, जिसकी कीमत का आंकलन 8 लाख रुपये किया गया था। चोरी की इन घटनाओं में इलेक्ट्रॉनिक आरी का इस्तेमाल करने जैसी बातें भी सामने आई थी। सभी घटनाएं रात्रि के समय हुईं, लेकिन तस्करों का पता नहीं चल पाया। तस्कर पुन: चैलेजिंग मोड में हर्बल हाउस से चंदन का कीमती पेड़ काटकर ले गए, इसकी भनक वन विभाग को नहीं लग पाई। लगातार चंदन के कीमती पेड़ों की चोरी होना और तस्करों का पकड़ में नहीं आना सवालों के घेरे में है।

 

Categorized in: