बैठक में सामने आया-माफियाओं ने बाहर से गुंडा बुलवाकर जान से मरवाने की दी धमकी

अंबिकापुर। लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत माजा में बीते दिवस पण्डो समाज के लोगों ने आपात बैठक आहूत की, जिसमें विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों की भूमि पर दिगर राज्यों से आए लोगों के द्वारा कब्जा करके घर बनाने के मसले को गंभीरता से लिया गया। इस दौरान सामने आया कि ग्राम राजाकटेल में झारखण्ड, बिहार से आए लोगों ने पण्डो जनजाति के 12 लोगों के लगभग 27 एकड़ जमीन पर बलूपर्वक कब्जा किया है, यहां करीब 150 घरों की बसाहट हो चुकी है, और लोग बसते जा रहे हैं। बाहरी लोगों के बसने से गांव का माहौल दूषित हो रहा है। इनके द्वारा पण्डो जनजाति के लोगों को कई तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है।

पण्डो परिवारों ने स्वयं के हक की भूमि को लूटने की शिकायत जिला प्रशासन तक की है, इधर कब्जा करने में लगे माफियाओं के द्वारा बाहर से गुंडा बुलाकर इन्हें जान से मारवाने की धमकी दी जा रही है। बैठक में पण्डो जनजाति के भयभीत ग्रामीणों को जांच टीम के समक्ष निर्भीक होकर बयान देने और अपने हक और न्याय के लिए हमेशा तत्पर रहने के लिए पण्डो जनजाति समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने प्रेरित किया। बैठक में समाज के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष उदय कुमार पण्डो, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराम पण्डो, प्रदेश सह सचिव श्याम लाल पण्डो, संभागीय उपाध्यक्ष राजकुमार पण्डो के अलावा पण्डो समाज के वरिष्ठ माधव राम पण्डो, हीरालाल पण्डो, ग्राम पंचायत माजा के सरपंच गणेश पंडो, दरोगा पंडो, हृदय पंडो, संतोष, रामजीत, दादु, घुरउ, सुखराम, सुधियारो, शांति बाई, तीजो, धनेश्वरी, मनासो, गायत्री, सोनेया, बिरा बाई, शुंतला, ललिता सहित ग्राम राजाकटेल से पण्डो समाज के काफी संख्या में महिला-पुरूष उपस्थित थे।

सनमान पण्डो बने कार्यवाहक अध्यक्ष

बैठक के दौरान पण्डो समाज के लोगों के बीच संगठनात्मक शक्ति का विस्तार करने के लिए पण्डो जनजाति समाज कल्याण समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष का मनोनयन किया गया। कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सनमान पण्डो को सौंपी गई है, इनसे पण्डो जनजाति के ग्रामीणों के हक की लूटी गई जमीन की लड़ाई में पूरे छत्तीसगढ़ के पण्डो समाज के साथ मजबूती से आगे आने का आह्वान किया गया।

समस्याओं से प्रशासन को कराएंगे अवगत

एक दिवसीय बैठक और जन-जागरूकता कार्यक्रम में पण्डो समाज के लोगों से समाज को नशामुक्त करने, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता की धारा से जोड़ने और शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने का आव्हान किया गया। विषम परिस्थितियों में टोल फ्री नंबर 108, 102, 112, 1099 का लाभ लेने की जानकारी दी गई। बाल विवाह नहीं करने, जंगल क्षेत्र में नया अतिक्रमण, जंगल की कटाई नहीं करने और जंगल को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों, आग से बचाने जागरूक किया गया। बाहरी लोगों के द्वारा मारपीट, जमीन हथियाने जैसी घटना होने पर समय रहते ग्राम पंचायत, थाना में शिकायत करने और समाज प्रमुखों को इसकी जानकारी देने के लिए कहा गया। इस दौरान गांव में कई प्रकार की समस्याएं भी सामने आई, इस ओर जिला प्रशासन का ध्यानाकर्षण कराने का निर्णय लिया गया है।

पण्डो परिवार की भूमि, घर-बाड़ी इनके कब्जे में

पण्डो समाज की रतियानो पति अर्जुन पण्डो 60 वर्ष के 01 एकड़ जमीन पर कब्जा करके झारखंड बिहार के कबीर खान ने घर बनाया है। वहीं हीरामती पिता भोंदू पण्डो 35 वर्ष के 01 एकड़ जमीन पर खुर्शीद खान, बेचन पण्डो पिता कंवरू 50 वर्ष के 01 एकड़ जमीन पर सधुरन खान, लाल गुलाब पण्डो पिता धीरसाय 55 वर्ष के 03 एकड़ जमीन पर फिर मोहम्मद, मुख्तार, गुलबहार, जमील, समीन और शकील, रतन पण्डो पिता बिफन पण्डो 55 वर्ष के 02 एकड़ जमीन पर खुर्शीद खान, नेसार, जहूर, महताब खान एवं सुल्तान, फूलसुंदरी पति नोहरसाय पण्डो के 1.5 एकड़ जमीन पर जमील खान, टुकली, मुन्ना पण्डो पिता स्व. कालीचरण पण्डो 50 वर्ष के लगभग 04 एकड़ जमीन पर रजाक खान सहित अन्य, शिवनारायण पिता स्व. गेंदूराम पण्डो के 02 एकड़ जमीन पर कुर्बान एवं रज्जाक, बोधन पण्डो पिता परशुराम पण्डो 65 वर्ष के 02 एकड़ जमीन पर हुसैन, सहाजेन खान, शकील, बलजीत मझवार पिता रूपसाय 35 वर्ष के 1.5 एकड़ जमीन पर हुसैन का कब्जा है। लोकनाथ पण्डो पिता विफन पण्डो 60 वर्ष के 05 एकड़ जमीन पर कबीर, असलम, सद्दाम कब्जा करके खेती-किसानी कर रहे हैं। सालन पण्डो पिता रोनहा पण्डो 30 वर्ष के 03 एकड़ जमीन पर बने घर और बाड़ी तक को जैनूल, शमीम के द्वारा बलपूर्वक लूटने का आरोप लगा है।

Categorized in: