बिलासपुर। हाई प्रेशर बोरिंग के कारण उसलापुर इलाके में एक घर की पुरानी बोरिंग फट गई, जिससे तेज धार से पानी निकला और घर के अंदर की टाइल्स टूट गईं। गोकुलधाम निवासी विशाल शर्मा के घर में हुई, जब पास के खाली प्लाट में चल रही नई बोरिंग के दबाव के कारण यह हादसा हुआ। सौभाग्य से, विशाल शर्मा और उनके परिवार के बच्चे सुरक्षित बच गए, लेकिन घटना ने इलाके में दहशत फैला दी।

नई बोरिंग के कारण हुआ हादशा
यह हादसा पास के खाली प्लाट में हाई प्रेशर तकनीक से चल रही नई बोरिंग के कारण हुआ। इस दौरान बने प्रेशर की वजह से पड़ोसी घर की पुरानी अंडरग्राउंड बोरिंग अचानक फट गई। तेज दबाव से निकला पानी सीधे मकान मालिक पर पड़ा, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। कुछ ही सेकंड में आंगन पानी से भर गया, जिससे परिवार के लोग घबरा गए।

लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह बोर खनन बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए किया जा रहा था। घटना के बाद घरवालों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्ले में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है और लोग प्रशासन से सख्त जांच व कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इंटरनेट पर यह वीडियो वायरल
विशाल शर्मा के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में अचानक तेज आवाज के साथ पानी का विस्फोट होता दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। रहवासी अब मांग कर रहे हैं कि रिहायशी क्षेत्रों में बोरिंग से पहले प्रशासनिक अनुमति और सुरक्षा जांच अनिवार्य की जाए। इंटरनेट पर यह वीडियो खूब देखा भी जा रहा है।

Categorized in: