सड़क निर्माण करा रहे व्यक्ति को गोली मारने की धमकी, केस दर्ज  

अंबिकापुर। सड़क निर्माण कार्य के दौरान पूर्व ईनामी नक्सली महेंद्र पैकरा के द्वारा गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी देते हुए पैसे की मांग की गई। मामले में शंकरगढ़ थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।


बलरामपुर जिला के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम पोड़ीखुर्द निवासी अभय सिंह मार्को ने पुलिस को बताया है कि 21 नवम्बर को दोपहर 12 बजे वह अपने घर जाने वाले सार्वजनिक सड़क का जे.सी.बी. से मरम्मत करा रहा था, तभी पूर्व ईनामी नक्सली महेन्द्र पैकरा पिता बीरबल पैकरा उसके पास आकर कहने लगा कि तुम गांव के पैसे वाले आदमी हो। इसके बाद वह पांच साल नक्सली रहने का हवाला देते हुए खुद के पास दो छोटा-बड़ा बंदूक होने की बात कहते हुए धमकी भरे लहजे में 10 हजार रुपये देने के बाद ही सड़क का काम करने के लिए कहा, और पैसा नहीं देने पर गोली मार देने की धमकी दी। रुपये देने से इन्कार करने पर पूर्व नक्सली गालीगलौज करने लगा। अभय सिंह ने पुलिस को बताया है कि महेन्द्र पैकरा पूर्व में भी भरमार बंदूक दिखाकर रुपये की मांग किया था, और रुपये नहीं देने पर रात में रास्ता रोक कर जानलेवा हमला उसके ऊपर कर चुका है। इसकी रिपोर्ट वह थाना शंकरगढ़ में वर्ष 2013 में दर्ज कराया था। घटना के समय मौके पर पंच, जे.सी.बी. ऑपरेटर व एक ग्रामीण मौजूद थे, जो नक्सली गतिविधियों के थमने के बाद गांव के महेन्द्र पैकरा का दुस्साहस देखकर भौचक रह गए। रिपोर्ट पर पुलिस आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर ली है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: