नगरपालिका की फूटी पाइप लाइन हजारों लीटर पानी बहा सड़क परजल भराव से आवागमन में भी राहगीरों को हुई परेशानी

मनेन्द्रगढ (एमसीबी)। बुधवार की शाम मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली के सामने नगरपालिका की पेयजल आपूर्ति की मुख्य पाइप लाइन फट जाने से तेज बहाव के साथ पानी सड़क पर बहने लगा जिससे आसपास जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। लगभग दो घंटे तक लगातार पानी बहने से हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ चला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पाइप लाइन टूटने की सूचना नगरपालिका के अधिकारियों को दी गई साथ ही कई जागरूक युवाओं ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया ताकि जिम्मेदार विभाग तक जानकारी तुरंत पहुँच सके। इसके बावजूद काफी देर तक मरम्मत दल मौके पर नहीं पहुँचा जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना था कि नगरपालिका की यह लापरवाही आम बात हो गई है। आए दिन कहीं न कहीं पानी की पाइप लाइन फट जाती है और मरम्मत कार्य में घंटों या कभी-कभी पूरा दिन लग जाता है। इससे ना केवल जल की बर्बादी होती है बल्कि सड़कों पर कीचड़ और फिसलन से आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। हर दो-तीन महीने में पानी सप्लाई की पाइप लाइन फट जाती है लेकिन नगरपालिका समय पर कोई स्थायी समाधान नहीं करती। पानी सड़क पर बहता रहता है और दुकानों तक पहुंच जाता है। जहां एक ओर शहर के कई मोहल्लों में पानी की किल्लत है वहीं दूसरी ओर इतनी मात्रा में पानी बर्बाद होना नगरपालिका प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। पाइप लाइन फटने से मुख्य मार्ग में काफी देर तक जलभराव की स्थिति बनी रही। राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक गिरते-गिरते बचे। लोगों ने नगरपालिका से इस पाइपलाइन की पूरी जांच करवाने और स्थायी मरम्मत कार्य करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं ना हों साथ ही जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति लाइन के रखरखाव में तत्परता बरतने की अपील की है।

Categorized in: