दामाद पर वारदात को अंजाम देने का संदेह, मृतक के पत्नी की हालत गंभीर
अंबिकापुर। कोरिया जिले में वृद्ध को घाट से बांधकर पेट्रोल बम से उड़ाने का मामला सामने आया है, जिसमेें उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक के पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी भाग निकले। मामला बचरा पोड़ी थाना क्षेत्र का है। मामले में मृतक के दामाद पर संदेह की स्थिति बनी हुई है, जिसके तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम राय राम (60), वहीं घायल महिला का नाम पार्वती (59) है। दोनों ग्राम साल्ही के रहने वाले हैं। 14 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे दो हमलावर मुंह में कपड़ा बांधकर राय राम के घर में घुसे। आरोपियों ने बुजुर्ग रामसाय को खाट से बांध दिया। इस दौरान रामसाय की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी। दोनों को आरोपी ने घर के अंदर बंद कर दिया और घर का दरवाजा बाहर से बंद कर करके पेट्रोल बम फेंक दिया। धमाके से बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई, उसकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। घायल महिला को फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घायल पार्वती को इलाज के बाद गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया, हालत में सुधार नहीं होने की वजह से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है।
घर में हुआ विस्फोट, ग्रामीण की मौत
स्थानीय लोगों के मुताबिक बम धमाके की वजह से घर के अंदर जबरदस्त विस्फोट हुआ। घर का बड़ा हिस्सा जल गया है। घर की छत भी उड़ गई है। सामान इधर-उधर बिखरे पड़े हैं। कपड़े जल गए हैं। बर्तन भी टूटे-फूट पड़े हैं। पूरा घर तहस-नहस हो गया है। परिवार के लोगों ने बताया कि करीब 4 महीने पहले मृतक का दामाद ससुराल आया था और अपना सामान वापस मांगते हुए विवाद किया था। उसने अपने साला राघव पर छर्रे वाली बंदूक से गोली भी चलाई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी, लेकिन वह नहीं पकड़ा जा गया। वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। देर रात बचरा पोड़ी थाना प्रभारी मुनाफ पटेल की टीम मौके पर पहुंची। सुबह कोरिया एसपी रवि कुर्रे भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही परिवार के लोगों से बातचीत की।
मृतक के बेटी-दामाद में होता था विवाद
पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे ने बताया कि वारदात में दामाद के शामिल होने का शक है। राम साय की बेटी ने कानपुर, उत्तर प्रदेश के युवक से इंटर कास्ट मैरिज की थी। युवक ड्राइवर का काम करता है। युवक ने एक अन्य शादी की थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और वह अपने घर आ गई थी। वह ससुराल से कुछ सामान भी ले आई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। शक है कि दामाद ने इसी वजह से अपने सास-ससुर को मारने की साजिश रची। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। दामाद की तलाश की जा रही है।

Categorized in: