पीटीएस में नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण के 11वें सत्र पर दीक्षांत परेड का आयोजन
अंबिकापुर। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण के 11वें सत्र 2025 के मौके पर दीक्षांत परेड समारोह 10 अक्टूबर को हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि दीपक कुमार झा, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज ने परेड की सलामी ली। परेड की सलामी के बाद मुख्य अतिथि ने नवआरक्षकों के परेड का निरीक्षण किया, तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक मैनपाट सचिन्द्र चौबे ने नवआरक्षकों को शपथ दिलाया। दीक्षांत परेड के पश्चात पुलिस अधीक्षक, पीटीएस मैनपाट के द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें नवआरक्षकों के प्रशिक्षण एवं संस्था से संबंधित जानकारी दी गई।
पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आरक्षक पुलिस विभाग का अनिवार्य एवं महत्वपूर्ण अंग होने के साथ नींव का पत्थर होता है। लगातार आम जनमानस के संपर्क में वह रहता है, उसके कार्य एवं आचरण से विभाग की छवि बनती है। पुलिस महानिरीक्षक ने इन्हें तीन नवीन कानूनों के अनुरूप एवं कुशल पुलिस अधिकारी के तौर पर कार्य निष्पादन करने कहा, और नवआरक्षकों के उज्जवल भविष्य की कामना की। नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त किए नवआरक्षकों को मुख्य अतिथि ने नकद ईनाम, प्रशस्ति प्रमाणपत्र एवं शील्ड प्रदान किया।
दीक्षांत परेड समारोह में 5 जिले के 181 डीएसएफ आरक्षक शामिल हुए। इसमें कांकेर के 49, नारायणपुर के 36, कोण्डागांव के 28, सुकमा के 31, बीजापुर केे 37 प्रशिक्षण प्राप्त नवआरक्षक हैं। दीक्षांत परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर रमेश कुमार मज्जी एवं सहायक परेड कमाण्डर खेमन लाल भोयर ने किया। पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट के द्वारा पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, राकेश पाटनवार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। दीक्षांत परेड समारोह में जनप्रतिनिधि, आम नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्यात सुनीता दास के द्वारा किया गया।

Categorized in: