अंबिकापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में पुलिस राजपत्रित अधिकारियों ने जिले के विभिन्न स्कूल संस्थानों के प्राचार्यो से चर्चा की। स्कूलों में बच्चों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने सार्थक बैठक हुई। इस दौरान बच्चों को नशे की लत से दूर करने, संकल्प दिलाने सहित नशे के दुष्प्रभाव एवं नवाबिहान की कार्ययोजना से अवगत कराया गया। सभी प्राचार्यों को समय-समय पर अभिभावकों की बैठक लेकर विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करने एवं बच्चों को ऑनलाइन गेम से दूर करने जागरूक किया गया। सक्रिय व्हाट्सअप ग्रुप के माध्यम से बच्चों के परिजनों एवं शिक्षकों को जोड़कर बच्चों की समस्याओं का हल निकालने चर्चा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में रक्षित केंद्र अंबिकापुर के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूल संस्थानों के प्राचार्य एवं सरगुजा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्राचार्यों एवं अधिकारियों, कर्मचारियों के जरिए स्कूली संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सड़क सुरक्षा के प्रति सजग बनाना, साइबर अपराधों के प्रति जानकार बनाना साथ ही ऑनलाइन गेम एवं नशे की बुरी लत के बारे में जानकारी देकर युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए जागरूक करना था। बैठक दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने कहा कि बच्चों में सुरक्षा की भावना और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पुलिस और स्कूल प्रशासन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। सभी स्कूल संस्थान यह सुनश्चित करें कि 18 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राएं दोपहिया वाहन लेकर स्कूल ना आएं। स्कूल परिसर एवं परिसर के बाहर ऐसे वाहनों को खड़ा ना करने दिया जाए। बच्चों को लाने-ले जाने में प्रयुक्त वाहन में सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। सभी वाहनों में जाली लगी हो। ऑटो एवं अन्य वाहनों में सीट से ज्यादा संख्या में बच्चों को ना भेजें। पालक स्वयं बच्चों को स्कूल लाएं और ले जाएं। आवश्यक पड़ने पर सुरक्षा मानकों को पालन करने वाले अधिकृत बस वाहनों का उपयोग करें। वाहन चालकों एवं परिचालकों की समय-समय पर मेडिकल जांच कराई जाए। प्रत्येक स्कूल समय-समय पर पैरेंट्स मीटिंग आयोजित करें, जिससे पालकों एवं बच्चों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की जा सके। संयुक्त बैठक में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त एवं विभिन्न स्कूली संस्थाओं के प्राचार्य सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
साइबर अपराध की जानकारी छात्रों के बीच करें प्रसारित
नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने बैठक में उपस्थित प्राचार्य एवं अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया। संस्था प्रमुखों को उक्त जानकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं के बीच प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा बच्चों के माध्यम से उक्त जानकारी माता-पिता एवं अन्य परिजनों तक आसानी से पहुंचाई जा सकती है, जिससे जन-जागरूकता की मुहिम को आगे बढ़ाया जा सकेगा। स्कूल के माध्यम से छात्र-छात्राओं के स्वजन एवं स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सरगुजा पुलिस के ऑफिसियल फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम एवं एक्स पेज को फॉलो करने की जानकारी दी गई। नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर द्वारा सभी संस्थानों के प्राचार्यों को स्कूल के सभी गेट में सुरक्षा गॉर्ड तैनात करने के निर्देश दिए गए एवं स्कूल के सामने की सड़क को बाधित करने से रोकने हेतु निर्देश दिए गए।
स्कूली संस्थाओं का बनाएं साझा गु्रप
बैठक के दौरान सरगुजा पुलिस एवं विभिन्न स्कूली संस्थानों का एक साझा व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के संबंध में चर्चा की गई, जिसके माध्यम से बच्चों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सकेगा। बैठक के दौरान सभी संस्था प्रमुखों को वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल नंबरों से अवगत कराया गया, साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति में उपयोग में आने वाले नम्बरों (1930, 1098, 181, 112) की जानकारी भी संस्था प्रमुखों को दी गई।

Categorized in: