राजेन्द्र ठाकुर बलरामपुर 

बलरामपुर। जिले में शुक्रवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। ग्राम पंचायत तालकेश्वरपुर टुकुपाथर की 16 वर्षीय किशोरी का शव पांगन नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। इस घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात लगभग 9 बजे किशोरी ने परिजनों के साथ भोजन किया और रोज़ की तरह अपने कमरे में सोने चली गई। रातभर सबकुछ सामान्य था, लेकिन सुबह जब परिवारजन जागे तो देखा कि वह बिस्तर पर नहीं है। पहले घर और आसपास खोजबीन की गई, किंतु सफलता नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से तलाश तेज हुई और लगभग 500 मीटर दूर नदी किनारे उसका शव देखा गया।
सूचना मिलते ही डिंडो पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस बीच गांव में तरह-तरह की चर्चाएँ तेज हो गई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर रात में किशोरी घर से बाहर कैसे निकली? क्या किसी ने उसे बुलाया था? और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई? इन सवालों ने घटना को और रहस्यमय बना दिया है।
गांव में पसरा सन्नाटा और लोगों की आंखों में सवाल इस दर्दनाक घटना की गंभीरता को और गहरा कर रहे हैं।

Categorized in: