सूचना पर हरकत में आई दरिमा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
अंबिकापुर। थाना दरिमा पुलिस टीम ने दो साल के मासूम पुत्र की पटक, कुचलकर हत्या करने के मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। दिल को दहला देने वाले इस घटनाक्रम के सामने आने से ग्रामीण सकते में हैं। मायके में हंसते-खेलते बच्चे को लाने के बाद पिता के हाथों ऐसी मौत मिलेगी, इससे सभी अनजान थे। मां ने जब अपने कलेजे के टुकड़े का शव अस्पताल में देखा तो वह फफककर रो पड़ी। बच्चे के नाना सहित अन्य स्वजन भी सदमे में आ गए।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिला के बिश्रामपुर थाना अंतर्गत ग्राम शिवनन्दनपुर निवासी अंकित सिंह ने पुलिस को बताया है कि वह अपने मौसा-मौसी के घर ग्राम करजी विगत सप्ताह आया था। उसकी मौसी के जेठ का बेटा जुगलाल सिंह 3 वर्ष पहले ग्राम रोपाखार, कमलेश्वरपुर निवासी विनिता सिंह से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दाम्पत्य जीवन के बीच एक पुत्र का जन्म हुआ, जो दो साल का हो गया था। विनीता को एक वर्ष पूर्व जुगलाल सिंह झगड़ा करके अपने घर से भगा दिया था, इसके बाद वह अपने मायके में बच्चे के साथ रहती थी। 15 सितम्बर को जुगलाल अपनी मां को भी झगड़ा करके घर से भगा दिया था। इसके बाद घर में जुगलाल, उसके पिता राम सुन्दर और मासूम बेटा हर्षित था। 16 सितम्बर को दिन में 10-11 बजे के बीच अंकित की मौसी रहमेन, जुगलाल के बच्चे को कुछ खिलाने-पिलाने के लिए अपने घर लाई थी, इसी बीच जुगलाल चिल्लाते हुए रहमेेन के घर गया और बच्चे को हाथ पकड़कर घसीटते हुए अपने घर के दरवाजा के पास लाया और उठाकर पटक दिया। बच्चा रोने लगा, लेकिन उसे तरस नहीं आया और मासूम पर लात से वार करने लगा। इसके बाद बच्चा जब शांत हो गया, तो उसको उठाकर अपने घर की परछी में चटाई पर सुला दिया। मारपीट से बच्चा बेहोश हो गया था और बातचीत नहीं कर रहा था। बच्चे को बेसुध पड़े देखकर अन्य रिश्तेदार बच्चे को चटाई से उठाकर ऑटो से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत उसके पिता जुगलाल द्वारा की गई दरिंदगी भरी हरकत के कारण हुई थी। रिपोर्ट पर थाना दरिमा में धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस विवेचना में जुटी। मृत बच्चे के शव को पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी ने परिजनों के सुपुर्द किया था। इधर दरिमा थाना पुलिस स्वजन एवं गवाहों का कथन लेकर आरोपी जुगलाल सिंह पिता राम सुन्दर सिंह 28 वर्ष निवासी करजी को गिरफ्तार की है। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक भरत लाल साहू, आरक्षक मनोहर कुमार, तेजराम लकड़ा, गोविन्द टोप्पो सक्रिय रहे।
बेटे के बिना नहीं रह पाऊंगा, कहकर लाया था
आरोपी जुगलाल शराब के नशे में आए दिन पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विवाद करता था, इससे त्रस्त होकर उसकी पत्नी अपने मायके रोपाखार आ गई थी और बच्चे के साथ रह रही थी। कुछ दिन पहले यह कहकर बेटे को अपने साथ ले गया था कि इसके बिना नहीं रह पाऊंगा। मां अपने कलेजे के टुकड़े को शराबी पति के हवाले कर दी, उसे नहीं मालुम था कि बच्चे को ऐसी दर्दनाक मौत उसके पिता के हाथों मिलेगी। बताया जा रहा है कि बेटे को जमीन में पटककर मौत की नींद सुलाने के बाद वह अपनी पत्नी के मोबाइल पर फोन करके कहा कि तुम्हारे बेटे को मार दिया हूं। यह सुनकर मां के होश उड़ गए। इसकी सूचना मिलने पर वह मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंची। यहां बच्चे को मृत अवस्था में देखकर वह सदमे में आ गई। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। इसकी जानकारी दरिमा पुलिस को दी गई थी, जिस पर पुलिस ने हत्यारे पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

Categorized in: