रायपुर। राजधानी में ड्रग्स सिंडिकेट के बाद अब न्यूड पार्टी को लेकर विवाद हो रहा है। दरअसल सोशल मीडिया में न्यूड पार्टी के आयोजन का पोस्टर अलग-अलग नामों से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक-युवतियों को बिना कपड़े के आने को कहा गया है, अब इसे लेकर बवाल मच गया है। सोशल मीडिया में वायरल पोस्टर में इस पार्टी को अलग-अलग नाम दिया गया है और दावा किया जा रहा है कि आयोजन में पुल पार्टी होगा, ड्रग्स परोसे जाएंगे। कांग्रेस नेता ने इसका खुलकर विरोध किया है। कन्हैया अग्रवाल ने साफ कहा है कि इस तरह का आयोजन वे रायपुर में नहीं होने देंगे।

आयोजनों के इन्विटेशन जमकर वायरल
इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर बीते कुछ दिनों से कथित ‘न्यूड पार्टी’, ‘स्ट्रेंजर पार्टी’, ‘हाउस पूल ल पार्टी’ जैसे आयोजनों के इन्विटेशन जमकर वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन पोस्टर्स के जरिए युवाओं को पार्टी के नाम पर आकर्षित किया जा रहा है। इन पोस्टर्स में पार्टी का समय और तिथि भी दर्ज है, जिसमें 21 सितंबर को रायपुर में आयोजन होने का दावा किया गया है। वायरल पोस्टर्स में शराब और ड्रग्स परोसे जाने के संकेत मिलने के बाद अब नग्नता के आकर्षण का लालच दिए जाने की बात सामने आ रही है।

कांग्रेस ने किया आयोजन का विरोध
कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने इन आयोजनों का खुलकर विरोध किया है। उन्होंने सोशल मीडिया में पोस्ट कर लिखा – इन आयोजनों को किसका संरक्षण है? शराब, ड्रग्स परोसने के बाद अब नग्नता परोसने की बारी…21 सितम्बर का ये आयोजन रायपुर में कदापि नहीं होने देंगे। अपने शहर को दागदार नहीं होने देंगे।” अग्रवाल ने आगे कहा कि वह आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रायपुर से मुलाकात करेंगे और इस पूरे मामले पर कठोरतम कार्रवाई की मांग करेंगे। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के विज्ञापन के पीछे कौन लोग हैं और कौन उनका संरक्षण कर रहा है, इसकी जांच की जानी चाहिए।

एसएसपी ने कहां की जांच के होगी कार्यवाही
सोशल मीडिया में इस तरह के इन्विटेशन वायरल होने के बाद अब समाज के अलग-अलग वर्गों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है वहीं समाज में बढ़ते ऐसे ट्रेंड्स को लेकर लोग पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।​​​​​​​ इस मामले को लेकर रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने कहा, कि वायरल पोस्ट की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। सभी पोस्ट की तकनीकी स्तर पर जांच की जा रही है। इस तरह के आयोजनों की अनुमति नहीं दी जाएगी। पूरे मामले की जांच कर इस पार्टी के आयोजकों पर कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: