वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैंक प्रबंधकों की बैठक में कई बिंदुओं पर की चर्चा
अंबिकापुर। पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बैंक प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान साइबर ठगी के मामलों में पत्राचार के बाद भी जानकारी देने में अनावश्यक विलंब करने पर प्रकाश डालते हुए, आने वाली दिक्कतों से आगाह कराया गया और समय पर बैंक प्रबंधकों से चाही गई जानकारी देने व बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन की जानकारी नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा साइबर सेल में प्रदान करने कहा गया। बैंक प्रबंधकों से आमजनों को साइबर जागरूकता के संबंध में जागरूक करने आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैंकों एवं एटीएम में सीसीटीवी कैमरे आवश्यक रूप से लगाने व सुरक्षा गॉर्ड आवश्यक रूप से रखने की समझाइस दी गई।
जानकारी के मुताबिक साइबर ठगी के मामलों में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट, संदिग्ध मोबाइल नम्बर एवं बैंक खातों में संदिग्ध रकम लेन-देन की जानकारी, म्यूल अकाउंट खाता धारकों की केवाईसी एवं अन्य जानकारी लेने हेतु पुलिस टीम द्वारा पत्राचार करने के बाद भी बैंक प्रबंधन द्वारा जानकारी देने में अनावश्यक विलंब किया जाता है, जिससे जांच विवेचना कार्रवाई लंबित रहती है। विवेचना में लगे अधिकारियों व स्टाफ आने वाली दिक्कतों से समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को आगाह कराते हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने बैंक प्रबंधकों की बैठक आयोजित की। उन्होंने बैंक प्रबंधकों से कहा कि साइबर ठगी एवं म्यूल एकाउंट के मामलों में पुलिस टीम द्वारा भेजे गए प्रतिवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और संदिग्ध बैंक खातों की संपूर्ण जानकारी समय पर प्रदान करें। संदिग्ध ट्रांजेक्शन की सूचना पर बैंक खाते फ्रीज करने के निर्देश दिए गए, जिससे साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई करके ठगी के शिकार व्यक्तियों को तत्काल राहत प्रदान की जा सके। बैंक प्रबंधकों को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, स्टाफ, साइबर सेल प्रभारी, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक वीरेंद्र पैकरा, अशोक यादव शामिल रहे।
सीसीटीव्ही कैमरा लगाने के निर्देश
बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा की दृष्टि से बैंकों के प्रवेश, निकासी मार्गों, अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर, साथ ही प्रत्येक बैंक एटीएम कक्ष में सीसीटीवी कैमरे आवश्यक रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक बैंकों में सुरक्षा गार्ड आवश्यक रूप से रखने के लिए कहा गया। व्यवस्थित पार्किंग के निर्देश दिए गए, जिससे बैंक के बाहर यातायात जाम की समस्या ना उत्पन्न हो। बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैंक प्रबंधक, स्टाफ एवं सरगुजा पुलिस का एक व्हाट्सअप ग्रुप बनाने का निर्णय लिया, जिससे कई प्रकार की जानकारियां त्वरित रूप से प्राप्त की जा सकेंगी, साथ ही अन्य उपयोगी जानकारियां प्रसारित की जा सकेंगी।

Categorized in: