दशकों पुरानी जमीन की खरीद-बिक्री पर लगी रोक से परेशान 15 हजार की आबादी
अंबिकापुर। शहर के गोधनपुर, फुंदुरडिहारी क्षेत्र की भूमि पर वर्ष 2014 से लगी रोक को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी सरगुजा संभाग आयुक्त के कार्यालय पहुंचे, और ज्ञापन सौंपकर खरीद-बिक्री पर लगी रोक को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आग्रह किया है।
इस क्षेत्र में लगभग 15 हजार की आबादी निवास करती है, जिनकी छोटे-बड़े भूखंडों में बसाहट है। वर्ष 2014 में तत्कालीन कलेक्टर द्वारा एक अन्य भूमि विवाद को लेकर गोधनपुर की भूमि की खरीदी-बिक्री पर रोक लगा दी थी, इसके चलते क्षेत्र में विकास कार्य, भवन निर्माण, बैंक ऋण, पुराने मकानों का नियमितीकरण जैसी नागरिक सुविधाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। यहां के बासिंदों का कहना है कि यह निर्णय एकतरफा लिया गया था, स्थानीय नागरिकों से किसी प्रकार की राय नहीं ली गई।
बीते 28 जुलाई को कलेक्टर के जनदर्शन में भी आवेदन देकर गोधनपुर, फुंदुरडिहारी क्षेत्र में जमीन के खरीद-बिक्री व निर्माण पर लगी रोक को हटाने की मांग पार्षद व गणमान्यजनों के साथ काफी संख्या में पहुंचे लोगों ने की थी, लेकिन एक कलेक्टर के द्वारा ही आदेश पारित करने के कारण उन्होंने सरगुजा संभाग आयुक्त को मामले से अवगत कराने कहा था। ऐसे में मंगलवार को काफी संख्या में एकजुट हुए वार्डवासी पैदल मार्च करते हुए संभाग आयुक्त नरेन्द्र दुग्गा के कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इस मांग के समर्थन में प्रमुख पार्टियों के जनप्रतिनिधि भी सामने आए। ज्ञापन सौंपने के दौरान महापौर मंजूषा भगत, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, गोधनपुर वार्ड के पार्षद डॉ. शिवमंगल सिंह, अनिल सिंह, हेमन्त सिन्हा, डॉ. लालचंद यादव, अमलेन्दु मिश्रा सहित काफी संख्या में क्षेत्र के लोगों की उपस्थिति रही। इनके द्वारा गोधनपुर, फुंदुरडिहारी की भूमि के खरीद-बिक्री पर लगी रोक को तत्काल प्रभाव से हटाने का आग्रह किया गया है, ताकि क्षेत्र का विकास हो सके, और लोग बैंक से ऋण सुविधा प्राप्त करके अपना मकान निर्माण करा सकें।
कमिश्नर ने अपने कोर्ट में आवेदन लगाने कहा
संभाग आयुक्त नरेन्द्र दुग्गा ने काफी संख्या में वार्डवासियों के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनने के बाद कहा कि वार्ड के लोग अधिक से अधिक संख्या में आवेदन देकर उनके कोर्ट में अपना पक्ष रखेंं, जिससे इसका परीक्षण करके सुनवाई की जा सके। उन्हें तत्कालीन कलेक्टर के द्वारा गोधनपुर, फुंदुरडिहारी क्षेत्र में जमीन के खरीद-बिक्री पर लगाई गई रोक के आदेश की कॉपी को भी देखा और लगभग 15 हजार प्रभावित परिवारों का पक्ष सुनने के बाद नियमानुसार सकारात्मक पहल के लिए आश्वस्त किया है।
मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल करेगा मुलाकात
पार्षद डॉ. शिवमंगल सिंह ने बताया कि सरगुजा संभाग आयुक्त से मुलाकात और उनकी बातों को सुनने के बाद मंगलवार की रात को पुन: एक बैठक आयोजित की गई, ताकि वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगामी कार्रवाई पूरी की जा सके। वहीं सूरजपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन दौरान महापौर मंजूषा भगत के साथ एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात करके संज्ञान में इस मामले का लाएगा, ताकि जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगने से भूमि स्वामियों की बढ़ी परेशानी दूर हो सके।

Categorized in: