83.93 लाख की लागत से हुआ 1.215 किलोमीटर सड़क निर्माण
लखनपुर। सरगुजा के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर विकासखंड के ग्राम बेलदगी मुख्य मार्ग से मुड़ापारा तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लाखों रुपये की लागत से डामरीकृत सड़क का निर्माण कराया गया था, जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका था। ग्रामीणों के विरोध के बाद ठेकेदार के द्वारा 3 माह पहले बने डामरीकृत सड़क के मरम्मत के नाम पर भ्रष्टाचार कर दिया गया। यही नहीं डामर सड़क के किनारे रिटर्निंग वॉल के निर्माण कार्य में भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। यहां गिट्टी की जगह जीरा गिट्टी और डस्ट से रिटर्निंग वॉल का निर्माण कराए जाने का आरोप ग्रामीण लगा रहे हंै।
बता दें कि ग्राम बेलदगी मुख्य मार्ग से मुड़ापारा तक 83.93 लाख की लागत से 1.215 किलोमीटर सड़क निर्माण ठेकेदार मेसर्स नित्यानंद सिंह मायापुर अंबिकापुर द्वारा 20.03.2025 को किया गया था। 3 माह के बाद ही डामरीकृत सड़क में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई और सड़क उखाड़ना शुरू हो गया। ग्रामीणों के विरोध के बाद ठेकेदार और अधिकारियों ने मिलीभगत करके मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति किया गया, जिससे सड़क पुन: खस्ताहाल हो गया। डामरीकरण के बाद लाखों रुपये की लागत से रिटर्निंग वॉल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, कितनी राशि और किस योजना के तहत रिटर्निंग वॉल का निर्माण हो रहा है, निर्माण स्थल पर इसका सूचना पटल भी नहीं लगाया गया है। रिटर्निंग वॉल निर्माण में भी भ्रष्टाचार खुलकर ठेकेदार के द्वारा अधिकारियों से मिलीभगत से किया जा रहा है, जो जांच का विषय है।
इनका कहना है
फोटो-कृपाशंकर गुप्ता
0 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कृपा शंकर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत घटिया स्तर का निर्माण कराया गया है, जो चिंताजनक है। शासन के पैसे का इस तरह बंदरबाट करना गलत है। प्रशासन को इसकी सूक्ष्म जांच करके दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
0 लुण्ड्रा विधायक प्रतिनिधि राकेश साहू ने कहा कि इससे विधायक प्रबोध मिंज को अवगत कराया जाएगा। विभाग के एसडीओ से बात करके गुणवत्ता युक्त निर्माण कार्य कराने कहा गया है।

Categorized in: