बलरामपुर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) बलरामपुर जिले के लगभग छह सौ से  अधिक कर्मचारी 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। इस संबंध में बलरामपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ ने जानकारी दी।संघ के सदस्यों ने बताया कि कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर राज्य सरकार को 15 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन तय समय सीमा तक सरकार की ओर से कोई निर्णय नहीं लिया गया। इसके चलते संघ ने आंदोलन का रास्ता चुनते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। एनएचएम कर्मचारी संघ का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और सरकार द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। हड़ताल के दौरान एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई), लैब और ब्लड बैंक जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के कार्य प्रभावित होंगे। संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

Categorized in: