परोसा खाना छोड़कर बस स्टैंड जाने के लिए निकला था बिशप हाउस का कर्मचारी
अंबिकापुर। कब किसको, कैसे मौत नसीब होगी, कहना मुश्किल है। कोई चलते-फिरते तो कोई हादसे या अन्य तरीके से मौत का वरन कर रहा है। बुधवार को नमनाकला रिंग रोड में देखते ही देखते एक व्यक्ति मोटरसायकल को खड़ा किया, और पास ही खड़ी एक कार से टकराते कुछ ऐसे गिरा, कि उसे उठने का मौका ही नहीं मिला। मौके पर पहुंची डॉयल 112 की टीम ने उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन उसकी सांस थम चुकी थी। संभावना हार्ट अटैक की है।
जानकारी के मुताबिक बिशप हाउस नवापारा में माली का काम करने वाला सिरिल तिर्की 28 वर्ष, बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे खाना खाने जा रहा था। इस बीच वह मोबाइल फोन में किसी से बात करते हुए प्रतीक्षा बस स्टैंड की ओर जाने के लिए मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 सी 0849 से निकल गया। मुश्किल से 15 मिनट हुए थे, रिंग रोड नमनाकला में वह मोटरसायकल की रफ्तार कम करते अनिरूद्ध प्रजापति की खड़ी कार क्रमांक सीजी 15 डीएन 6144 के पीछे गया, और मोटरसायकल खड़ा करने के बाद संभवत: उसकी तबियत बिगड़ गई और वह कार से टकराते सड़क पर गिर गया। युवक को सिर में गंभीर चोट आई थी, जिससे खून निकल रहा था। युवक को गिरते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, और इसकी सूचना डॉयल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को होलीक्रॉस अस्पताल पहुंचाया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे फादर विलियम उर्रे ने बताया कि बिशप हाउस में माली का काम करने वाला सिरिल तिर्की अविवाहित था, जो मूलत: बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम लोटा का रहने वाला था। बुधवार को खाना खाने के लिए सभी बैठ रहे थे, उसका भी खाना परोसा हुआ था, इसी बीच मोबाइल फोन में बात करते वह बस स्टैंड जाने के लिए निकला, और यह हादसा हो गया। हैरत की बात यह है कि जिस मोटरसायकल से वह जा रहा था, वह पूरी तरह से सुरक्षित है। घटना की जानकारी मृतक के स्वजन को दी गई है। इधर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। संभावना जताई जा रही है कि मोटरसायकल से जाते वक्त मृतक को स्वास्थ्यगत परेशानी हुई, और वह गाड़ी को खड़ा करने के बाद कार से टकराते सड़क पर गिर गया होगा। पास ही दुकान में लगे सीसीटीव्ही में घटनाक्रम कैद हो गई है, जिसमें कार के पीछे तक मोटरसायकल युवक के पहुंचने और गिरने के बीच एक गाय दौड़ते निकलते नजर आ रही है। हालांकि मोटरसायकल सवार युवक की गाय से टक्कर नहीं हुई है, यह दोपहिया की स्थिति को देखने से भी स्पष्ट हो रहा है। युवक मोटरसायकल से उतरने के बाद अचानक कार से टकराते गिरकर बेसुध हो गया। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही सामने आ पाएगा।

Categorized in: