सैकड़ों पेड़, बिजली के पोल हुए धराशाई, तबाही का मंजर देखकर सहमे लोग
जरही/भैयाथान। सूरजपुर जिले के भटगांव तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बरौधी में बारिश और तूफान ने भारी तबाही मचाई है। सैकड़ों पेड़ धराशाई हो गए, जिसके कारण आवागमन बाधित हो गया। कई बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिस कारण पूरी रात जरही सहित बरौधी में विद्युत सप्लाई बंद रही। कोयला परिवहन में लगे वाहनों की लम्बी कतार लगी रही। रात भर कोयला से भरे वाहन सड़क पर खड़े रहे। आंधी तूफान के कारण कई घरों के छप्पर उड़ गए, जिस कारण लोगों के घर के भीतर रात भर पानी बरसता रहा। घर का सामान पूरी तरह से भीग कर बर्बाद हो गया।
इसकी जानकारी मिलने पर भटगांव मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता, तहसीलदार भटगांव शिवप्रसाद राठिया, पटवारी नारेन्दर बखला, भटगांव थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी, सुरेश पाटले, धर्मपाल, पारस पैकरा, लक्ष्मी मौके पर जाकर जायजा लिए। सबसे ज्यादा नुकसान सविता राजवाड़े को हुआ। पूरा घर गिरने से छह बकरा, तीन बकरी की मौके पर मौत हो गई, वहीं घर पर पेड़ गिरने से मंडल राजवाड़े, दिनेश बरगाह, ओम प्रकाश बरगाह, रामअवधार, रामस्वरूप, रामकेश्वर, सरस्वती सिंह, सतेन्द सिंह, रमेश राजवाड़े, कलेश्वरी, सुरेश राजवाड़े, हजारू पनिका, अनिल पाटले, सुवमती, उमती, सुरेश पाटले के घर का सीट पूरी तरह से क्षतिग्रसत हो गया, जो रहने लायक नहीं है। मुख्य मार्ग से लेकर बस्ती तक बिजली का तार, खंभा टूटकर नीचे गिर गया, जिस कारण विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई। सुबह होने पर सड़क में गिरे पेड़ों को काट-छांटकर हटाया गया, तब जाकर आवागमन प्रारंभ हुआ।
किसानों की फसल हुई बर्बाद
तूफान के कारण कई किसानों की फसलें बर्बाद हो गई। किसानों ने टमाटर, धान सहित अन्य सब्जियों की खेती की है, जिस पर आंधी तूफान का असर देखने को मिला। मल्चिंग पद्धति और ड्रिप सिस्टम के द्वारा खेती कर रहे किसानों को नुकसान हुआ है, फसलों के साथ उनके द्वारा लगाए गए उपकरणों को भी क्षति पहुंची है।
राजस्व अमला किया क्षति का आंकलन
सुबह होने पर चारों ओर तबाही का मंजर देख लोग सहम गए। कई पेड़ जो घरों के आसपास हुआ करते थे, वे जमीन पर पड़े थे। लोग अपने उजड़े हुए आशियानों को देखकर मौन थे। प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली और भटगांव के तहसीलदार शिव कुमार राठिया, पटवारी के साथ नुकसान का आंकलन करने पहुंचे। तहसीलदार ने कहा नुकसान का आंकलन करके मुआवजा के लिए भेजा जाएगा।

Categorized in: