राजेन्द्र ठाकुर

बलरामपुर थाना क्षेत्र के अधौरा गांव में घरेलू विवाद ने एक दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया। दूसरी पत्नी रखने से नाराज पहली पत्नी ने अपने ही पति की बिजली करंट लगाकर हत्या कर दी। बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब बलरामपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम अधौरा में एक दंपति के बीच घर के अंदर जबरदस्त झगड़ा हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग टीम को मकान अंदर से बंद मिला। कुछ देर तक घर के भीतर से चिल्लाने की आवाज आती रही जो अचानक बंद हो गई। जब दरवाजा नहीं खुला, तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश शुरू की। इसी दौरान आरोपी पत्नी पार्वती गुप्ता दरवाजा खोलते ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
पुलिस जब घर के अंदर पहुंची, तो वहाँ मनोज गुप्ता नामक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके दोनों हाथ और पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने तुरंत दोनों को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने मनोज गुप्ता को मृत घोषित कर दिया।
थाना बलरामपुर में मर्ग क्रमांक 46/2025 धारा 194 बीएनएसएस एवं अपराध क्रमांक 105/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में यह सामने आया कि मृतक मनोज गुप्ता ने अपनी पहली पत्नी पार्वती गुप्ता के रहते हुए बलरामपुर में एक अन्य महिला को भी पत्नी के रूप में किराए के मकान में रखा था। इसी कारण पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पार्वती गुप्ता पूर्व में पति के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करवा चुकी थी और महिला आयोग में भी शिकायत दी गई थी।
घटना के दिन दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ। पार्वती ने गुस्से में आकर कहा कि वह अब अपने पति को दूसरी महिला के पास नहीं जाने देगी और उसे अपने पास बांधकर रखेगी। मनोज गुप्ता ने भी चिढ़ते हुए कहा, “ठीक है, बांधकर रख लो।” इसी के बाद पार्वती ने उसके हाथ-पैर बांध दिए। बहस जारी रही और क्रोध की चरम सीमा पर पहुँची पार्वती गुप्ता ने घर में रखे एक्सटेंशन वायर से अपने पति को करंट देना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी महिला पार्वती गुप्ता (उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बरदर) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Categorized in: