बलरामपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बलरामपुर के भनौरा में 50 वर्षीय अधेड़ का घर में बंधा हुआ शव पुलिस ने बरामद किया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना मंगलवार को देर रात की है। पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने की सूचना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मनोज गुप्ता का हाथ-पैर बंधा था, हाथ-पैर झुलसे हुए थे। प्रथम दृष्टया देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसके शरीर को किसी चीज से जलाया गया हो। कोतवाली थाना प्रभारी का कहना है कि बिजली के करंट का घटना में उपयोग किया गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मौके पर फॉरेंसिक की टीम पहुंची और हर एंगल से जांच में जुट गई है। पुलिस ने मामले में हत्या का जुर्म दर्ज किया है, और जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।


मृतक की हैं दो पत्नियां
बलरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची, तो मृतक का शव अर्धनग्न हाल में था। पास में करंट प्रवाहित एक तार भी देखने को मिला। मृतक की दो पत्नी हैं। पहली पत्नी पार्वती गुप्ता, पुलिस के पहुंचने पर खुद को बीमार बताई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मनोज करीब दो साल पहले पंडो समाज की लगभग 22 वर्षीय युवती से दूसरा विवाह किया था। युवती पहले मनोज के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। शादी के बाद शिक्षक पद पर उसकी नियुक्ति हो गई थी। यह विवाह मनोज की पहली पत्नी और बच्चों को नागवार लग रहा था, जिसे लेकर लगातार 2 वर्षों से विवाद चल रहा था। कई बार उसकी पत्नी इसकी शिकायत बलरामपुर थाना एवं सामाजिक तौर पर समाज के मुखिया के पास की थी। मामले को कई बार समझौता भी कराया गया, लेकिन पत्नी किसी भी बात को मानने से साफ इंकार कर देती थी। ऐसे में पहली पत्नी की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हो रही है। इस एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है।

हमें सूचना मिली थी कि पति-पत्नी में आपसी विवाद हो रहा है। मौके पर तत्काल पुलिस विभाग की टीम सहित अन्य लोग पहुंचे। दरवाजा खोलने पर मृतक का हाथ-पैर बंधा हुआ मिला। बिजली के करंट का उपयोग करके प्रथम दृष्टि में घटनाकारित करना सामने आया है, आगे जांच जारी है।
भापेंद्र साहू, थाना प्रभारी बलरामपुर

Categorized in: