अंबिकापुर। खेती के लिए खाद लेने बैंक से निकाले गए रुपये का हिसाब पूछने पर छोटे भाई ने बड़े भाई पर लकड़ी के फराटी से जानलेवा हमला कर दिया। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पाकजाम का नईहर कुजूर पिता धनीराम 36 वर्ष का छोटा भाई संजय एक सप्ताह पहले रोपा लगाने और खाद लेने के लिए 10 हजार रुपये बैंक से आहरण किया था। 28 जुलाई को नईहर अपने छोटे भाई संजय और सास, ससुर के साथ शराब पिया, इसके बाद सभी बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। नईहर की पत्नी हरवति कुजूर खाना खाकर बच्चों को एक कमरे में सुला रही थी। बातचीत के दौरान नईहर ने अपने भाई संजय से बैंक से निकाले गए रुपये का हिसाब मांगा। इसी बात को लेकर देर रात करीब 11 बजे संजय अपने बड़े भाई से विवाद करते हुए हाथापाई पर उतारू हो गया। शोर सुनकर हरवति मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास की। इधर संजय चूल्हे के पास रखे लकड़ी के फराठी से अपने बड़े भाई नईहर कुजूर के सिर के पीछे दो-तीन बार वार कर दिया, जिसमें वह बेहोश हो गया था और सिर से खून बहने लगा। संजीवनी 108 एम्बुलेंस से घायल को स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में अपरान्ह 3.10 बजे, जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के पुलिस सहायता केन्द्र प्रभारी ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और मौत की सूचना दरिमा थाना पुलिस को अग्रिम कार्रवाई के लिए दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।

Categorized in: