एसपी को ज्ञापन सौंपकर 7 दिवस का दिया अल्टीमेटम, नहीं तो थाना का करेंगे घेराव


भटगांव। स्वतंत्र पत्रकार मोहन प्रताप सिंह को सोशल मीडिया पर दी गई धमकियों, अभद्र टिप्पणियों के मामले में भारतीय पत्रकार समिति सूरजपुर इकाई द्वारा पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर 7 दिवस में ठोस कार्रवाई की मांग की गई है। ग्राम बरौंधी निवासी पत्रकार ने 5 जुलाई को भटगांव थाना में अभिषेक मंडल उर्फ गोल्डी मंडल, महामंत्री, युवा मोर्चा भटगांव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें सोशल मीडिया पर की गई अश्लील, मानहानिकारक एवं धमकी पूर्ण टिप्पणियों का उल्लेख किया गया था। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर मोहन प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर बताया है कि उन्हें व स्थानीय थाना को सार्वजनिक स्थलों पर अपमानित किया जा रहा है। निपटा देने जैसी भाषा का प्रयोग खुलेआम किया जा रहा है। भारतीय पत्रकार समिति द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं जिसमें अभिषेक मंडल के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने, सोशल मीडिया पर पूर्व में प्रदर्शित हथियार के वैधता की जांच करने, पूर्व में भटगांव थाना में दी गई शिकायत पर पुन: संज्ञान में लेकर निष्पक्ष जांच करना शामिल है। यदि 7 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होती है, तो थाना भटगांव का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान भारतीय पत्रकार समिति सूरजपुर के जिला अध्यक्ष लक्ष्मी साहू, महासचिव अखिलेश जायसवाल सहित अन्य शामिल थे।

Categorized in: