हाइड्रो पॉवर प्लांट में बिजली उत्पादन के लिए रोका गया है नदी का पान
भैयाथान। विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पासल में स्थित हाइड्रो पॉवर प्लांट में बिजली उत्पादन के लिए नदी के पानी को रोका गया है। इस बरसात में ग्राम पासल व भैयाथान के दर्जनों किसानों की लगभग 15 से 20 एकड़ भूमि जलमग्न हो गई है, इससे किसान काफी परेशान व चिंतित हैं। जल भराव हो जाने के कारण पासल मार्ग भी पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ हाइड्रो पॉवर प्लांट पासल ने इस वर्ष विद्युत उत्पादन के लिए जब पानी रोका, तो दर्जनों किसानों की कृषि योग्य भूमि जलमग्न हो गई। इन खेतों में किसान धान का थरहा रोपाई और बोआई किए हैं। खेतों में जल भराव होने के कारण किसान काफी चिंतित हैं, क्योंकि उनकी आजीविका का मुख्य साधन कृषि ही है।
नदी के किनारे अलग से बनाया गया नाला
हाइड्रो पॉवर प्लांट ने नदी में पानी रुकने के बाद नाले का पानी नदी में समाहित न हो, इसके लिए नदी के किनारे नए नाले का निर्माण कराया है, लेकिन उस नाले में तेज गति से पानी नहीं निकल रहा है, जिससे खेतों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। साथ ही भैयाथान से पासल जाने वाला मार्ग पूरी तरह से अवरूद्ध हो गया है। इन दिनों पासल जाने के लिए लोगों को परिवर्तित मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है। किसान विजय श्रीवास्तव ने बताया कि उनका 2 से 3 एकड़ उपजाऊ जमीन पानी से लबालब है, जिसमें रोपाई के लिए धान का थरहा रोपाई किया गया था। खेत में पानी भर जाने के कारण वे अब धान का रोपाई नहीं कर पाएंगे। इनके साथ दर्जनों किसानों की भूमि प्रभावित हो रही है। अगर बारिश और तेज हुई तो प्रभावित होने वाले किसानों की संख्या बढ़ सकती है।
इन किसानों की भूमि हुई प्रभावित
हाल में यशवंत श्रीवास्तव, जयंत श्रीवास्तव, सुधीर श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव,नीलेश प्रताप सिंह, सुरेश सिंह, सुनील सिंह, हीरालाल सिंह, शिवनारायण तिवारी, रामकिशुन कुशवाहा, मिथलेश कुशवाहा, विनोद देवांगन, ओमप्रकाश गुप्ता का खेत पानी में डूब चुका है।
प्रतिवेदन अनुसार देंगे मुआवजा
हाइड्रो पॉवर प्लांट के कार्मिक प्रबंधक संतोष सिंह ने बताया कि जिन किसानों के खेतों में पानी भर गया हैं, उनका राजस्व विभाग के माध्यम से हुए नुकसान का प्रतिवेदन मंगाया जाएगा और प्रभावित किसानों को मुआवजा की राशि दी जाएगी।
एसडीएम ने सूचना पटल लगाने दिया निर्देश
एसडीएम सागर सिंह ने कहा कि सड़क में जलभराव को देखते हुए उनके द्वारा छत्तीसगढ़ हाइड्रो पॉवर प्लांट को निर्देशित किया गया है कि उक्त मार्ग पर आवागमन बंद करने के लिए सूचना पटल लगाएं व परिवर्तित मार्ग से लोगों को आने-जाने के लिए समझाइस दें।

Categorized in: