पूर्व मंत्री ने कहा-अडानी है नई ईस्ट इंडिया कंपनी, जो माइनिंग के जरिए प्रदेश की राजनीति में कब्जा जमा रही
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश भर में आर्थिक नाकेबंदी और चक्काजाम के आह्वान पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने बनारस रोड पर बीटीआई के समीप दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सांकेतिक चक्काजाम किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अडानी भगाओ, छत्तीसगढ बचाओ नारे को इस आर्थिक नाकेबंदी का आधार बनाया था। हाल ही में रायगढ़ के तमनार में अडानी को आबंटित कोल ब्लॉक के क्षेत्र में आने वाले वन क्षेत्र को स्थानीय ग्रामीणों के अनुमति के बगैर दमनपूर्वक काटा गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी इसके खिलाफ थी। वन कटाई की जानकारी होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्राी भूपेश बघेल ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर इस क्षेत्र में हुए वन कटाई के मामले को विधानसभा में उठाने का मंतव्य जाहिर किया था, जिस दिन वो इस मामले को विधानसभा में उठाने वाले थे उसी दिन उनके घर पर ईडी ने छापामार कार्रवाई करके उनके पुत्र चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस का आरोप है कि केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार अडानी के व्यापारिक हितों को साधने के लिए विपक्षी नेताओं के परिवार पर ईडी के माध्यम से हमले कर रही है।
चक्काजाम के दौरान पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि जब जुल्म और ज्यादती होती है तो उसका विरोध होता है। जबसे भाजपा की सरकार आई है प्रदेश में खनिज संसाधनों की लूट हो रही है। हरे-भरे जंगलों को काटा जा रहा है। अडानी नई ईस्ट इंडिया कंपनी है, जो कि माइनिंग के जरिए छत्तीसगढ़ की राजनीति में कब्जा जमा रही है। जो उसके खिलाफ बोल रहा है अब उसके परिवार को भी केन्द्रीय एजेंसियों के माध्यम से प्रताड़ित किया जा रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने पुलिस प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग से कांग्रेस का सांकेतिक चक्काजाम सफल रहा। उन्होंने कहा मीडिया में इन दिनों चैतन्य की गिरफ्तारी का विरोध सुर्खियों में है, चैतन्य तो एक बहाना है, नरेन्द्र मोदी, अमित शाह का भूपेश बघेल पर निशाना है। बघेल परिवार के बच्चे को जन्मदिन के दिन उठाकर ले गए। चैतन्य हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं है, हमारे राष्ट्रीय जनरल सेकेट्री, पूर्व मुख्यमंत्री के ऊपर ईडी का हमला अमित शाह के इशारे पर हुआ है। विधानसभा में तमनार जंगल का मामला विधानसभा में होना था, उसके पहले चैतन्य को उठाकर ले गए। ऐसा लगता है कि अडानी के इशारे पर पूरी जांच एजेंसियां काम कर रही हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आर्थिक नाकाबंदी सांकेतिक है, दो घंटे का है। आर्थिक नाकेबंदी के लिए हमने ऐसे स्थल का चयन किया जिससे आम नागरिकों को तकलीफ न हो। छत्तीसगढ़ के अस्मिता को बचाने के लिए हमें अडानी के खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को उनके निवास क्षेत्र से बेदखल कर छत्तीसगढ़ के संसाधनों पर कब्जा किया जा रहा है, केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार उन्हें सहयोग कर रही है, अगर इसका कोई विरोध कर रहा है तो केन्द्रीय एजेंसियां उसके परिवार को प्रताड़ित कर रही हैं। यही स्थिति कायम रही तो हमें सांकेतिक आर्थिक नाकेबंदी से आगे बढकर प्रजातात्रिक ढंग से बड़े विरोध प्रदर्शन के लिए आगे बढ़ना पड़ेगा। निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जब से देश में आई है, विपक्ष के आवाज को दबाने का प्रयास गलत तरीके से कर रही है। देशभर में दोहरा मापदंड भारतीय जनता पार्टी अपना रही है। भारतीय जनता पार्टी में दम है तो कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बंगारू लक्ष्मण, जिन पर लाखों करोड़ों का आरोप है, उन पर कार्रवाई करे। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं को निशाने पर लेकर दुर्भावना पूर्वक कार्रवाई, जांच एजेंसियों के मार्फत कराया जा रहा है, जिसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जब से देश में आई है, विपक्ष के आवाज को दबाने का प्रयास गलत तरीके से कर रही है। देशभर में दोहरा मापदंड भारतीय जनता पार्टी अपना रही है। स्थिति यहां तक बन गई है कि बड़े नेताओं के बच्चों को गिरफ्तार करने जैसा कदम उठाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी में दम है तो कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बंगारू लक्ष्मण, जिन पर लाखों करोड़ों का आरोप है, उन पर कार्रवाई करे। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी के द्वारा शीर्ष कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं को निशाने पर लेकर दुर्भावना पूर्वक कार्रवाई, जांच एजेंसियों के मार्फत कराई जा रही है, जिसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। इस दौरान अजय अग्रवाल, जेपी श्रीवास्तव, डॉ. अजय तिर्की, शफी अहमद, द्वितेन्द्र मिश्रा, गुरुप्रीत सिंह बाबरा, मधु सिंह, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, बलराम यादव, अमित सिंहदेव, राजीव सिंह, अनीमा केरकेट्टा, सीमा सोनी, इंद्रजीत सिंह धंजल, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, अटल यादव, नारद गुप्ता, रसीद अहमद, लोकेश कुमार, विकल झा, अमित तिवारी राजा, शुभम जायसवाल, आशीष जायसवाल, मो. बाबर इदरिशी सहित बडी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
सुको ने कहा-राजनैतिक प्रतिद्वंद्विता के लिए सरकार कर रही ईडी का इस्तेमाल
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि भाजपा पूरे राज्य में यह भ्रम फैला रही है कि किसी व्यक्ति को लेकर यह आर्थिक नाकेबंदी की गई है, जो पूर्णत: गलत है। उन्होंने कहा कि आज सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को लेकर टिप्पणी की है, कि जिस प्रकार राजनैतिक प्रतिद्वंद्विता के लिए ईडी का इस्तेमाल सरकार कर रही है, वो संवैधानिक व्यवस्था और नागरिक हितों के विपरीत है। ऐसे में हमें खड़ा होना पड़ेगा। ऐसे प्रजातांत्रिक आन्दोलन से हमें लोगों को संदेश देना है कि हम भले विपक्ष में हैं लेकिन नागरिकों के हित के विरोध में हो रहे कार्य के लिए हमें खड़ा होना है। हम आज ये आर्थिक नाकेबंदी तमनार के उन ग्रामीणों के लिए भी कर रहे हैं, जिनके निवास क्षेत्र में उनके इच्छा के विपरीत, बिना उनकी सहमति लिए बलात वन क्षेत्रों को उजाड़ दिया गया।
मालवाहकों को लक्ष्य कर किया चक्काजाम
जिला कांग्रेस कमेटी ने चक्काजाम के लिए बनारस रोड का चयन किया था। यह मार्ग उत्तर भारत को छत्तीसगढ़ से जोड़ता है। इस अंतर्राज्यीय मार्ग पर बडी संख्या में मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इन्हें लक्ष्य कर चक्काजाम स्थल का चयन किया था। चक्काजाम से एम्बुलेंस और स्कूली वाहनों को आने-जाने की छूट दी गई थी। चक्काजाम के दौरान 3 एम्बुलेंस और एक स्कूली वैन को मार्ग दिया गया। जिस स्थान पर चक्काजाम किया गया था, उसके आसपास स्थानीय नागरिकों के आवागमन के लिए कई वैकल्पिक मार्ग होने के कारण आम नागरिकों को असुविधा नहीं हुई।
युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, ईडी कार्रवाई के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
बलरामपुर। जिला के शंकरगढ़ बस स्टैंड में केंद्र सरकार एवं ईडी की कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बृजेश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर नारेबाजी की और भाजपा सरकार के इशारे पर की जा रही कार्रवाई को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के दबाव में ईडी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, सक्रिय कार्यकर्ताओं और निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में फंसाकर जेल भेज रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि राजनैतिक द्वेषपूर्ण कार्रवाई तत्काल रोकी जाए, अन्यथा कांग्रेस पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान सत्यनारायण अग्रवाल, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव संतोष इंजीनियर, हीरालाल यादव, शमीम अंसारी, उम्मत रसूल, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव नीरज तिवारी, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर तिवारी, एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष रुपेश यादव, राजीव तिर्की, सिमु अग्रवाल, गोलू अग्रवाल, मुकेश कश्यप, जनपद सदस्य अमीन साय, ओसपाल यादव, उमेश यादव, उमेश भास्कर, आशीष यादव, सरपंच सुनील पैकरा, देवा देवरूप यादव और लक्ष्मण यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Categorized in: