अंबिकापुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर अडानी के व्यापारिक हितों के संरक्षक रवैये की आलोचना करते हुए 22 जुलाई को प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी और चक्काजाम की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के इस आह्वान पर 22 जुलाई को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा अंबिकापुर बनारस रोड पर बीटीआई के पास चक्काजाम करेगी। बनारस रोड छत्तीसगढ़ को उत्तर भारत से जोड़ता है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगे रहती है, इस कारण बनारस रोड का चयन चक्काजाम के लिए किया गया है। चक्काजाम से एम्बुलेंस और स्कूली बच्चों के वाहनों को मुक्त रखा गया है। चक्काजाम के लिए बनारस रोड में जो स्थल चयन किया गया है, उसमें इस बात का भी ध्यान रखा गया है कि आम नागरिकों को आवागमन में तकलीफ न हो। चक्काजाम स्थल के आसपास आम नागरिकों के आवागमन के लिए कई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं।
सीएसपीडीसीएल के डीई कार्यालय का करेंगे घेराव
चक्काजाम कार्यक्रम के उपरांत कांग्रेस चरणबद्ध बिजली न्याय आंदोलन के तहत डीई, सीएसपीडीसीएल के नमनाकला स्थित कार्यालय का घेराव करेगी। चक्काजाम स्थल से ही कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिजली ऑफिस के घेराव के लिए दोपहर 2 बजे रैली की शक्ल में रवाना होंगे। इन दोनों कार्यक्रमों में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ, जिले के दसों ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, सभी अनुसांगिक संगठन शामिल होंगे।
सरगुजा संभागीय ट्रक मालिक संघ व कैट का समर्थन नहीं
सरगुजा संभागीय ट्रक मालिक संघ एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के अध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने कांग्रेस पार्टी द्वारा 22 जुलाई को आहूत छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आर्थिक नाकाबंदी के संबंध में कहा है कि कैट की ओर से इसे समर्थन नहीं दिया गया है। व्यापार और परिवहन जैसी आवश्यक सेवाओं का संचालन आम नागरिकों की जीवन शैली, आर्थिक स्थिरता और दैनिक आवश्यकताओं से सीधा जुड़ा होता है। किसी भी प्रकार का बंद व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों, श्रमिकों और आम जनता के हितों के प्रतिकूल होता है। हमारा स्पष्ट मत है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध दर्ज कराने के अनेक शांतिपूर्ण और रचनात्मक माध्यम उपलब्ध हैं। जबरन बंद या व्यापारिक गतिविधियों को बाधित करना उचित नहीं है और इससे राज्य की आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में दोनों ही संगठन इस बंद का न तो समर्थन करते हैं और न ही इसमें भाग लेंगे। उन्होंने सभी व्यापारियों एवं ट्रांसपोर्टरों से अपने व्यवसाय एवं सेवाओं को पूर्ववत सुचारु रूप से संचालित रखने कहा है।

Categorized in: