हाईटेक नकल का मामला सामने आने के बाद व्यापम हुआ सख्त
केंद्राध्यक्षों को व्यापम के निर्देशों का गहन प्रशिक्षण दिया गया
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित परीक्षा के लिए केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्था एवं परीक्षार्थियों के लिए नए सिरे से दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये निर्देश आगामी 20 जुलाई को होने वाले सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा से लागू होंगे। इसके पीछे कारण हाल में प्रदेश में सब इंजीनियर की परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल के तौर-तरीकों को इस्तेमाल करते पाया जाना है। सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर ने व्यापम के गाइडलाइन का पालन करने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में किसी प्रकार की चूक न हो, इसे देखते हुए सरगुजा जिले के समन्वयक केंद्र राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में परीक्षा के संबंध में नए नियमों की जानकारी देने केंद्राध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस बार व्यापम के द्वारा सभी परीक्षा कक्ष में जैमर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा में नकल की किसी भी तरह की संभावना न बनने पाए।
व्यापम के निर्देशों के अनुसार 20 जुलाई को होने वाली सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से हो सके। इस बार इन इंतजामों में जैमर की व्यवस्था भी शामिल है, जो परीक्षा कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का उपयोग रोकने में मदद करेगा। इससे परीक्षार्थी नकल या अन्य अनियमितताओं में शामिल नहीं हो पाएंगे। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में सहायक समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. अनिल सिन्हा ने बताया कि परीक्षा के दिन परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पहले परीक्षार्थियों के हैण्डहेल्ड मेटल डिटेक्टर से तथा मैनुअल पैट डाउन (हाथों से तलाशी) फ्रिसकिंग की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में एक पुरुष और एक महिला पुलिस कर्मी यह कार्य करेंगे। महिला परीक्षार्थियों की फ्रिसकिंग का कार्य महिला पुलिस कर्मी से ही कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा शुरू होने के बाद पुलिस कर्मी में से एक-एक पुलिस कर्मी बारी-बारी से परीक्षा केन्द्र परिसर एवं परीक्षा केन्द्र के बाहर का निरीक्षण करते रहेंगे ताकि कोई संदिग्ध गतिविधि न हो सके। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे सभी नियमों को भली-भांति समझ लें, ताकि केंद्र में उन्हें कोई समस्या न हो। इस अवसर पर अंबिकापुर नगर के पांच परीक्षा केन्द्रों राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय मल्टीपर्पज हायर सेकेंडरी स्कूल तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष उपस्थित रहे।
कान और बालों पर रहेगी नजर, आधी बांह के कपड़े, चप्पल पहनकर आना होगा
प्रशिक्षण सत्र में डॉ. राजकमल मिश्रा, डॉ. एसएन पाण्डेय ने बताया कि व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के कम से कम 2 घंटा पूर्व केन्द्र में पहुंचने के निर्देश दिए गए हंै ताकि उनका फ्रिसकिंग और सत्यापन किया जा सके। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र में आने के निर्देश दिए गए हंै, जिसका पालन अवश्य कराने कहा गया हैं। परीक्षार्थी फुटवियर के रूप में चप्पल पहनेंगे। उन्होंने परीक्षार्थियों के कान और बालों का भली-भांति निरीक्षण करने के लिए कहा। निर्देश के अनुसार परीक्षार्थी, परीक्षा शुरू होने के पहले आधा घंटा में व समाप्ति के आखिरी आधे घंटे में परीक्षा केन्द्र से बाहर नहीं जाएंगे। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रानिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घडी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना मना है, जिसका पालन सुनिश्चित करने कहा गया है। निर्देशों के पालन में किसी भी तरह की चूक न होने पाए, इसका ध्यान रखने के लिए कहा गया है।

Categorized in: