डियो बनाते समय किया बिजली सप्लाई, युवक के शरीर का कोई भी अंग सुरक्षित नहीं
अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के सनावल थाना अंतर्गत ग्राम पचावल में बीते 22 मई को बिजली खम्भा में चढ़कर सुधार कार्य करते वक्त करंट की चपेट में आकर झुलसे युवक की लम्बे समय तक कई अस्पतालों में चले इलाज के बीच जान तो बच गई, लेकिन उसके शरीर का कोई भी अंग ऐसा शेष नहीं है, जो किसी काम का हो। गंभीर हादसा बिजली विभाग के कर्मचारी की लापरवाही के कारण हुआ। बिना अनुमति के पॉवर हाउस में मौजूद कर्मचारी ने 11 हजार केव्ही का बिजली चालू कर दिया, जबकि उस समय करंट से झुलसा कर्मचारी बिजली खम्भा में चढ़कर ट्रांसफार्मर का डियो बांध रहा था। घटना ने कृषक परिवार का दिल दहला दिया है।
वकील अंसारी पिता सादिक हुसैन 48 वर्ष निवासी ग्राम पचावल ने सनावल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उसका पुत्र तबारक हुसैन 3 वर्षों से बिजली विभाग सनावल में लाइनमेन में संविदा के पद पर कार्यरत था। 22 मई को दोपहर 12 बजे जूनियर इंजीनियर दानिश राजा उसके पुत्र को फोन करके बिजली बनाने के लिए चलने कहे, इसके बाद पॉवर हाउस में जाने के लिए उनका लड़का तबारक हुसैन रवाना हो गया। दोपहर करीब 2 बजे सनावल के नौशाद केजीएन ने फोन करके बताया कि जेई दानिश राजा के साथ उनका लड़का तबारक, सनावल जोड़ा तालाब में अलमारी फैक्ट्री के ट्रांसफार्मर में सुधार कार्य करने के लिए गया था। पॉवर हाउस में ऑन ड्यूटी संदीप ठाकुर से परमीशन लेने के बाद तबारक हुसैन बिजली खम्भा में चढ़कर डियो बना रहा था, जेई दानिश राजा नीचे बैठे हुए थे। 3-4 मिनट के अंतराल में पॉवर हाउस से अचानक 11 हजार केव्ही बोल्ट को चालू कर दिया गया, जिससे तबारक बुरी तरह बिजली करंट से झुलस गया। जेई दानिश राजा पॉवर हाउस में फोन लगाकर संदीप ठाकुर को बोले कि लाइट कौन चालू कर दिया, तबारक पूरी तरह से जल गया है। इसके बाद पॉवर हाउस में ऑन ड्यूटी कर्मचारी का हाथ-पांव फूल गया। गंभीर स्थिति में तबारक को शासकीय अस्पताल सनावल लाया गया। सूचना पाकर स्वजन भी अस्पताल पहुंचे। तबारक हुसैन का हाथ, पैर, गला, पेट, प्राईवेट पार्ट पूरी तरह से जल गया था। चिकित्सक के रेफर करने पर तबारक को शासकीय अस्पताल वाड्रफनगर लाया गया, यहां से भी रेफर करने पर मिशन अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराए। 23 मई को रेफर करने पर रायपुर एम्स अस्पताल ले जाकर इलाज कराए, वहां से भी रेफर करने पर डी.के.एस हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराकर 7 जुलाई तक घायल पुत्र का स्वजन इलाज कराते रहे। पीड़ित युवक की स्थिति ऐसी है कि करंट की चपेट में आने से उसका दोनों हाथ कट गया है, दाहिने पैर का कानी उंगली भी कट गया, प्राईवेट पार्ट भी जलकर खत्म हो गया है। ऐसे में युवक का जीवन भले बच गया, लेकिन वह अब किसी काम के लायक नहीं है। रिपोर्ट पर पुलिस ने पॉवर हाउस के लापरवाह कर्मचारी के विरूद्ध धारा 125(ख), 110 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

Categorized in: