आजाद सेवा संघ ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के सबसे बड़े महाविद्यालय में कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा छात्रों के साथ प्रवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला संज्ञान में आने के बाद आजाद सेवा संघ छात्र मोर्चा ने हल्ला बोला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा से इसकी लिखित शिकायत करके तत्काल कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि महाविद्यालय के विधि विभाग की ओर स्थित एक फोटो कॉपियर और ऑनलाइन सेंटर के संचालक और उसके सहयोगी गैर कानूनी कार्य में संलिप्त हैं।
संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा एवं छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल को अवगत कराया है कि दो छात्राओं ने बीकॉम में प्रवेश फॉर्म भरने के लिए फोटो कॉपियर दुकान में संपर्क कीं, तो दुकान संचालक और इनके सहयोगी द्वारा गुमराह किया गया कि प्रवेश फॉर्म भरने की तिथि निकल चुकी है, अब उन्हें दूसरे रास्ते से प्रवेश लेना होगा। इसके लिए दुकान मालिक ने उन्हें एक मोबाइल नंबर देकर उसमें संपर्क करने के लिए कहा। जब छात्राओं ने उक्त नंबर पर संपर्क किया, तो इनसे 8 हजार रुपये की मांग करते हुए आश्वस्त किया गया कि दस्तावेज जमा करने के बाद पोर्टल को महाविद्यालय से खुलवाकर प्रवेश सुनिश्चित करा दिया जाएगा। संघ ने अपनी शिकायत में यह भी बताया है कि महाविद्यालय के बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की सीटें खाली हैं, इसके बावजूद दुकान संचालक सीटें खत्म होने की बात कहकर प्रवेश के इच्छुक लोगों को गुमराह करने में लगा है, और सुनियोजित तरीके से ठगी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की गई है कि इसे गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए तत्काल उचित कार्रवाई की जाए। संघ की ओर से संबंधित दुकानदार और उसके सहयोगियों के विरुद्ध तत्काल एफआइआर दर्ज करने और उक्त दुकान को बंद कराने का आग्रह किया है ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले में प्रभावी कार्रवाई करने आश्वस्त किया है।

Categorized in: