लाठी और रॉड से किए गए हमले में होटल संचालक सहित 3 जख्मी हुए
अंबिकापुर। अपराधियों में पुलिस का खौफ कितना रह गया है, इसका अंदाजा शहर के हृदयस्थल में स्थित होटल के संचालक सहित अन्य पर दिनदहाड़े किए गए लाठी वार की घटना से लगाया जा सकता है। जिला न्यायालय के सामने व चैराहे में हर समय डटी रहने वाली पुलिस के साथ ही चंद दूरी पर पुलिस अधीक्षक का आवास होने की परवाह किए बगैर बेदर्दी से लाठी बरसाने का वायरल वीडियो अपराधियों के बुलंद हौसलों को सामने ला रहा है। मामले में पुलिस ने 4 नामजद सहित अन्य के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, और इनके खोजबीन में जगह-जगह दबिश देने में लगी है।
जानकारी के मुताबिक गांधी चैक से लगे जिला न्यायालय के सामने स्थित होटल वेलकम का रोजाना की भांति संचालन हो रहा था। शाम करीब 5.30 बजे बगल में स्थित सेहत भोजनालय से कुछ युवक खाना खाकर निकले, जो शराब के नशे में थे। इनके द्वारा होटल वेलकम के सामने बेतरतीब तरीके से अपनी दोपहिया वाहन को खड़ा करके रखा गया था। युवकों को देखकर होटल वेलकम के गार्ड सूरज ने इन्हें मोटरसायकल को सही तरीके से लगाने के लिए कहा, जिस पर इनकी भौं तन गई और ये गालीगलौज करते हुए गार्ड के साथ हाथापाई पर उतारू हो गए। बाहर हो रहे शोर-शराबा सुनकर होटल में मौजूद संचालक दीपक जायसवाल बाहर निकले, और युवकों को समझाइस देने का प्रयास किए, लेकिन इनमें नशा कुछ ऐसा सवार था कि वे किसी का सुनने को तैयार नहीं थे। बार-बार अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उक्त युवक अपने अन्य साथियों को फोन करके बुला लिए। इसके बाद लाठी, डंडा, रॉड लेकर पहुंचे आरोपियों ने बिना कुछ सोचे-समझे लाठी, रॉड भांजना शुरू कर दिया, जिसमें होटल संचालक दीपक जायसवाल, उसके चाचा सतीश जायसवाल, गार्ड सूरज को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली, लेकिन तब तक आरोपी मौके से मारपीट करने के बाद फरार हो गए थे। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों विकास सोनी, विशाल मिंज, राहुल सिंह, विहंस सहित अन्य के विरूद्ध धारा 296, 351 (3), 115 (2), 3 (5) का मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस अन्य धाराओं के तहत भी आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई करेगी।

Categorized in: