जरही। सूरजपुर जिला के जरही-अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग में कपसरा मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मंगलवार को उस समय हुआ, जब दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई और तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क पर गिरी किशोरी को कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार, जरही की ओर से पोड़ी की ओर जा रही दो बाइकों में सवार लोग कपसरा मोड़ पर आपस में टकरा गए। इसी दौरान बनारस की ओर से आ रहे एक टैंकर ने सड़क पर गिरी 15 वर्षीय किशोरी को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पोड़ी निवासी देवसाय की पुत्री के रूप में हुई है। हादसे में परसोत्तम, आरती और धर्मेंद्र नामक तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेजा गया है। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी करके टैंकर को जब्त कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बता दें कि ठीक एक माह पूर्व भी इसी स्थान पर एक महिला और उसके 10 वर्षीय मासूम पुत्र की मौत एक टैंकर की चपेट में आने से हुई थी। बार-बार हो रही घटनाओं से ग्रामीण सशंकित हैं। लोगों ने कपसरा मोड़ को ब्लैक स्पॉट घोषित करके यहां उचित सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

Categorized in: