विवेक पाण्डेय बलंगी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत माह जून से अगस्त तक तीन माह के एकमुश्त चावल वितरण की तिथि में 31 जुलाई तक की बढ़ोतरी की गई है। अब राशन कार्डधारी 31 जुलाई तक राशन दुकानों से जून से अगस्त तक तीन माह के चावल का उठाव कर सकते है। भारत सरकार, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के पत्र द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत माह जून से अगस्त 2025 का एकमुश्त चावल वितरण की समयावधि 31 जुलाई तक वृद्धि की गयी है। भारत सरकार द्वारा वितरण हेतु निर्धारित समय-सीमा का सभी उचित मूल्य दुकानों में प्रदर्शित कराने एवं राशनकार्डधारियों में समुचित प्रचार-प्रसार कराने हेतु संबंधितों को निर्देशित किया गया है। जिले के सभी उचित मूल्य दुकानों में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा तथा छत्तीसगढ़ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम के राशनकार्डधारी परिवारों को माह जून से अगस्त 2025 तक का चावल वितरण की कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा गया है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों और उचित मूल्य दुकानदारों को इस कार्य को समय पर संपन्न कराने हेतु आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और समय पर उन्हें खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।

Categorized in: