चक्काजाम करने से आवागमन रहा ठप, शासकीय प्रावधान अनरूप दी गई मुआवजा राशि
अंबिकापुर। सरगुजा जिला के दरिमा थाना क्षेत्र में रविवार को बेकाबू इनोवा के दुकान में घुसने से एक महिला की इलाज के दौरान हुई मौत और मां-बेटे के घायल होने की घटना के बाद सोमवार को ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए सड़क में शव रखकर करीब 6 घंटे चक्काजाम किया। ग्रामीणों की मांग थी कि मृत महिला के परिजनों कोa 4 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए, वहीं घायल बच्चे और महिला के लिए भी उपचार की व्यवस्था व मुआवजा राशि सुनिश्चित की जाए। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से सड़क पर ब्रेकर बनवाने की भी मांग की गई। सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के कारण दोनों ओर लंबा जाम लग गया। घंटों चले शोर-शराबा के बीच पूर्व मंत्री अमरजीत भगत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व प्रशासन का पक्ष सुनने के बाद उन्होंने मृतिका का अंतिम संस्कार करने की समझाइश दी। उन्होंने इनकी मांगों का समर्थन किया। इसके बाद ग्रामीण सायं करीब 4 बजे शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए। ब्रेकर बनाने का काम प्रारंभ कर दिया गया है।
बता दें कि रविवार की दोपहर को शराब के नशे में धुत्त तेज रफ्तार इनोवा कार ग्राम कंठी में स्थित एक घर में घुस गई थी। हादसे में 24 वर्षीय हीरामणि राजवाड़े पति राकेश राजवाड़े 24 वर्ष निवासी ग्राम तेन्दुआ थाना पटना जिला कोरिया व उसका पुत्र आर्यन पिता राकेश 5 वर्ष, सिवन्ती पति स्व. बालराम 59 वर्ष निवासी ग्राम कंठी थाना दरिमा घायल हो गए थे। इलाज के दौरान सोमवार की सुबह वृद्ध महिला सिवन्ती की मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीण सोमवार को चक्काजाम करके जमकर नारेबाजी करने लगे। गांव में तनाव का माहौल बन गया। इनोवा कार में सवार चारों युवक मैनपाट के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। हादसे के समय वाहन मैनपाट से अंबिकापुर की ओर आ रही थी। ग्राम कंठी के समीप चालक का नियंत्रण वाहन से हटा और कार सड़क के किनारे स्थित एक दुकान में घुस गई। दुकान के बाहर चबूतरा में बैठे लोग अचानक बेकाबू इनोवा के आने से भाग नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ लोगों ने भागकर जान बचाई। भीड़ ने चालक की जमकर पिटाई कर दी और वाहन को तोड़फोड़ करते हुए पलट दिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और हालात को काबू में करते हुए इनोवा वाहन को जब्त करके चालक को गिरफ्तार कर ली। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, कई बार मांग के बावजूद अभी तक ब्रेकर नहीं बनवाया गया है। अगर जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। चक्काजाम के दौरान मृतक के परिजन मौके पर मौजूद थे, जो विलाप कर रहे थे। काफी उहापोह की स्थिति के बीच मौके पर पहुंचे पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने दोनों पक्षों की बातों को सुना और शव का अंतिम संस्कार करने की समझाइश दी। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। पूर्व मंत्री ने मृतिका के स्वजन से मुलाकात करके संवेदना व्यक्त की। चक्काजाम समाप्त होने के पहले तक सड़क मार्ग में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की कतार लगी थी।
बच्चे को हायर सेंटर किया गया रेफर
पुलिस ने बताया मृतिका सिवन्ती पति बलराम 59 वर्ष ग्राम कंठी की ही रहनेवाली थी, जो रविवार को बाजार जाने के लिए घर से निकली थी। कंठी के पास ही एक दुकान के चबूतरा में 5-6 लोग बैठे थे। इसी दौरान बेकाबू इनोवा का चालक दुकान में अपनी वाहन को घुसा दिया। इनोवा का चालक नशे में था, जिसकी गांव के लोगों ने जमकर खातिरदारी की और वाहन को तोड़फोड़ करते हुए पलटा दिया। इधर इलाज के दौरान वृद्ध महिला सिवन्ती की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल मां-बेटे को प्राथमिक चिकित्सा के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। महिला के मौत की जानकारी मिलने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर से मृतिका का शव पोस्टमार्टम के बाद लेकर स्वजन रवाना नहीं हो पाए थे, इसके पहले ग्रामीणों ने कंठी मुख्य मार्ग में टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण वाहन से शव को उतारकर बीच सड़क पर रख दिए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, कोतवाली अंबिकापुर के प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, दरिमा थाना प्रभारी शशिकान्त सिन्हा सहित काफी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही।
शासकीय प्रावधान अनुरूप दिया गया मुआवजा
मौके पर उपस्थित एसडीएम फागेश सिन्हा ने शासकीय प्रावधान के अनुरूप मृतिका के स्वजन को 25 हजार रुपये मुआवजा राशि प्रदान किया है। वहीं पंचायत की ओर से अंतिम संस्कार के लिए दो हजार रुपये दिया गया। एसडीएम ने आश्वस्त किया कि उन्हें राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये दिया जाएगा, इसका प्रकरण उन्होंने मौके पर तैयार कराया है। एसडीएम ने मृतिका के स्वजन को बताया कि दुर्घटनाकारित वाहन का इंश्योरेंस है, क्लेम करके वे अतिरिक्त क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त कर सकते हैं।
इनोवा वाहन में ये थे सवार
वाहन चालक बुधसाय अगरिया पिता सोनसाय 28 वर्ष, निवासी कुनिया, सवारों में लक्ष्मण बघेल माझी पिता फूलसाय माझी 25 वर्ष निवासी सरभंजा, चमन उर्फ संतोष अगरिया पिता तुलसी अगरिया 22 वर्ष निवासी ग्राम रोपाखार, सुनेश अगरिया पिता रामप्रसाद अगरिया 39 वर्ष निवासी ग्राम सरभंजा।

Categorized in: