जून 2025 तक शत-प्रतिशत मीटर लगाने का था लक्ष्य, 10 फीसद मीटर लगने के कारण बढ़ाई गई मियाद
अंबिकापुर। बिजली विभाग के लाइन लॉस को कम करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के उद्देश्य से शुरू की गई स्मार्ट मीटर लगाने के योजना की गति सरगुजा संभाग में काफी धीमी है। जून 2025 तक शत-प्रतिशत प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने के लक्ष्य को बढ़ाकर अब जून 2026 कर दिया गया है। अब तक संभाग में महज 10 फीसदी स्मार्ट मीटर ही लग पाए हैं। हैरत की बात तो यह है कि कई जिले में ये आंकड़ा बेहद कम या न के बराबर है, जिससे नए तय समय सीमा तक ये काम विभाग के द्वारा पूरा कर पाना असंभव है।
एक एप्प से आप देख सकेंगे अपना यूनिट खपत, बिजली विभाग को भी बिल वसूली से मिलेगी मुक्ति, बिल पेमेंट नहीं होने से दफ्तर में बैठकर काटे जाएंगे कनेक्शन, लाइन लॉस से समस्या से मिलेगी निजात, इन्हीं कई खूबियों के साथ बिजली विभाग स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद कर रहा है, मगर सरगुजा संभाग में ये अभियान अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ते नजर आ रही है। इस योजना के तहत संभाग भर में 8 लाख 74 हजार 215 स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, मगर 15 जून 2025 के पहले तक महज 97 हजार 499 मीटर ही लगे हैं। कई जगह मीटर लगाते वक्त कुछ घरों को छोड़ दिया गया है। इधर स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य जून 2025 तक रखा गया था, जो समाप्ति के चरण में है। इसे देखते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की मियादा बढ़ाकर जून 2026 कर दी गई है। ये लक्ष्य भी बढ़ाई गई समय सीमा तक पूरा हो पाएगा यह संभव नजर नहीं आ रहा है। वर्तमान हालात पर गौर करें तो कई ऐसे सर्किल है, जहां मीटर लगाने का काम शुरू ही नहीं किया गया है।
मीटर जल्द से जल्द लगाने दिया है निर्देश-मुख्य अभियंता
विभाग के मुख्य अभियंता यशवंत शिलेदार का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य अपने तय समय सीमा में पूरा नहीं हो सका, इसके समय में वृद्धि की गई है। अभी संभाग में स्मार्ट मीटर लगाने का प्रतिशत करीब 10 फीसदी पहुंच सका है। ऐसे में समझा जा सकता है कि विभाग स्मार्ट मीटर लगवाने में किस तरह की लापरवाही बरत रहा है, वहीं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण विभाग के अधिकारी इसमें तेजी लाने की बात कह रहे हंै, साथ ही जो एजेंसी स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रही है, उन्हें जल्द से जल्द मीटर लगाने निर्देशित करना बता रहे हैं। इधर उपभोक्ता नए स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर कई तरह से आशंकित हैं, ऐसे में विभाग अब लोगों को जागरूक कर रहा है और इस अभियान को तेजी से चलाकर लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करने की बात कर रहा है।
अभियान सरगुजा जिले में फिसड्डी साबित हो रहा
मुख्य अभियंता तमाम खूबियों के दावों के साथ जिस स्मार्ट मीटर को लगाने के लिए अभियान चलाने की बात कह रहे हैं वह अभियान सरगुजा जिले में फिसड्डी साबित हो रहा है। हद तो यह है कि कई सर्किलों में स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद शुरू ही नहीं हुई है, ऐसे में भला कैसे स्मार्ट मीटर के जरिए विद्युत विभाग स्मार्ट काम कर पाएगा और बिजली बिल वसूलने की समस्या से मुक्ति मिलेगी, इसे लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है।
बलरामपुर व जशपुर जिले में उपभोक्ताओं का आंकड़ा लाख में, मीटर लगे सैकड़े में
सरगुजा संभाग के 5 जिलों की बात करें तो 15 जून के पूर्व की स्थिति में सरगुजा जिले के सिटी एरिया में 67 हजार 452 स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं मगर 12 जून की स्थिति में 27048 लगे हैं। अंबिकापुर ग्रामीण में 1 लाख 75 हजार 750 में 15174, बलरामपुर जिले में 1 लाख 17 हजार 870 मीटर लगाने हैं मगर इस जिले में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बेहद सुस्त है यहां महज 509 मीटर ही लग पाए हैं। इसी तरह जशपुर में 1 लाख 19 हजार 672 मीटर लगाने हैं मगर यहां भी आंकड़ा बेहद कम यानी 884 है। पत्थलगांव में 98 हजार 741 स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, यहां 11 हजार 3 मीटर लगे हैं। मनेन्द्रगढ़ में 62 हजार 422 में से 17246 मीटर लगे हंै। बैकुंठपुर में 56 हजार 639 में 5 हजार 533 मीटर और सूरजपुर में 1 लाख 75 हजार 669 में 18922 मीटर लगे है।

Categorized in: