187 शोध पत्रों में 89 शोध पत्रों का मानक के अनुसार किया गया चयन
विवि में 20वें छत्तीसगढ़ यंग सांइटिस्ट कांग्रेस-2025 का आयोजन आज से
अंबिकापुर। संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में दो दिवसीय 20वें छत्तीसगढ़ यंग सांइटिस्ट कांग्रेस-2025 की पत्रवार्ता के दौरान कुलसचिव शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि सरगुजा को शोध और अनुसंधान का सहगामी बनना है। विज्ञान के लिए संसाधन जुटाना और समाज के लिए लक्ष्य प्राप्त करना उद्देश्य है। उन्होंने कहा आयोजन की तैयारियां पूरी हैं, इसमें शोध करने वाले और अनुसंधान के प्रति जिज्ञासा रखने वाले दोनों शामिल रहेंगे। प्रयोगशाला के शोध को व समाज और प्रकृति के रोचक-रोमांचक कार्य को बहुजन हिताय समाज में लाना है। उन्होंने कहा सरगुजा में शोध को अगली पीढ़ी के बीच पहुंचाना है। हमें धन्वंतरि जयंती, चरक जयंती को अनुसंधान के स्तर पर मनाना चाहिए। शोध पत्र के अभाव के बीच सरगुजा के 35 शोधार्थियों के रिसर्च पेपर का पार्टीसिपेट होना किसी इबारत से कमतर नहीं है। इसे सरगुजा के लिए अच्छी उपलब्धि माना जा सकता है।
संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रेम प्रकाश सिंह ने सभी को दो दिनों के कार्यक्रम के लिए प्रोत्साहित किया। संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय और छत्तीसगढ़ कौंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कन्वीनर एच.एस.पी. टोंडे ने बताया कि विज्ञान की 20 विधाओं में शोध पत्र आमंत्रित थे, जिसमें बुधवार तक 187 पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि 89 शोध पत्रों को मानक के अनुसार चयन किया गया है। छत्तीसगढ़ कौंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के डायरेेक्टर जनरल के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. वसीम रजा ने बताया कि प्रत्येक विधा से एक यंग साइंटिस्ट का चयन प्रजेंटेशन और शोध पत्र के माध्यम से होगा, जिसे 21 हजार का नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंनेे बताया कि विज्ञान में स्नातकोत्तर के साथ दो वर्ष का शोध अनुभव होना चाहिए, उम्र 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे शोधार्थी को देश के एंडवांस्ट शोध केन्द्र में शोध कार्य का अवसर मिलेगा, जिसका खर्च सीजी कॉस्ट द्वारा प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम महान गणितज्ञ एवं वैज्ञानिक रामानुजन के संदर्भ में 28 फरवरी को आयोजित होने वाला था, किन्हीं कारणों से अब आयोजित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आनन्द कुमार ने बताया कि 27 और 28 जून को राजमोहिनी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र अजिरमा में दो दिवसीय यंग साइंटिस्ट कार्यक्रम आयोजित है। उद्घाटन सत्र और समापन सत्र के अतिरिक्त प्रत्येक दिन 10-10 विधाओं के शोध पत्रों का वाचन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री राम विचार नेताम, विशिष्ट अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज, विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कार्यक्रम के संरक्षक सह अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह, छत्तीसगढ़ कौंसिल के डायरेक्टर जनरल डॉ. एस. कर्मकार, मुख्य वक्ता आईआईटी भिलाई के डायरेक्टर राजीव प्रकाश होंगेे। सह आयोजक, कन्वीनर सीजी कॉस्ट के यंग साइंटिस्ट कांग्रेस के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. जॉयस राय ने बताया खुशी का पल है कि सरगुजा में शोध-अनुसंधान का एक नया आयाम शुरू होगा। कार्यक्रम में सह कन्वीनर डॉ. धीरज कुमार यादव एवं डॉ. जुनैद खान भी उपस्थित रहे।

Categorized in: