अंबिकापुर। सिलसिलेवार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने बीते 22 जून को कंपनी बाजार के पास से चोरी गई मोटरसायकल को बरामद करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आदतन अपराधी किस्म का है, इसके विरुद्ध पूर्व में भी कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं गांधीनगर थाना क्षेत्र के नवापारा स्वास्थ्य केन्द्र के पास से चोरी गई मोटरसायकल सहित पूर्व में चोरी गई कई दोपहिया वाहनों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर निवासी करमू राजवाड़े का मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 सीसी 9490, 22 जून को कंपनी बाजार के पास से किसी ने चोरी कर लिया था। घटना दिनांक को ग्रामीण कंपनी बाजार अंबिकापुर में मक्का बीज लेने आया था। मोटरसायकल को शाम करीब 5.30 बजे स्कूल रोड में हनुमान मंदिर के सामने खड़ा करके कंपनी बाजार गया था। 15 मिनट बाद वापस आया तो मोटरसायकल नहीं थी। ग्रामीण ने इसकी रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करके आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करके संदेही अजमल अली उ$र्फ गुड्डू पिता अकबर 52 वर्ष निवासी लखनपुर स्टेट बैंक के सामने को कब्जे में लिया और आरोपी के निशानदेही पर मोटरसायकल बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक विनय सिंह व श्री यादव, आरक्षक विवेक राय, रमन मण्डल, शिव राजवाड़े, मंटू गुप्ता, लालभुवन सिंह, अरविन्द मिंज सक्रिय रहे।
बाइक मांगकर आया था पत्नी का इलाज कराने, हो गई चोरी
शहर के नवापारा में स्थित शहरी स्वास्थ्य केन्द्र और कंपनी बाजार से चोरों ने दो मोटरसायकल पार कर दिया। शिवधारी कांलोनी में रहकर मोटर पार्टस दुकान में काम करने वाले शिव कुमार दास ने पुलिस को बताया है कि 24 जून को दोपहर करीब 2 बजे वह श्रीकांत सोनी का मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 डीजे 4831 लेकर नावापारा अस्पताल में अपनी पत्नी का इलाज कराने गया था। मोटरसायकल को अस्पताल के गेट नंबर 2 के पास खड़ा करके दोनों पति-पत्नी अस्पताल के अंदर चले गए। इलाज कराने के बाद करीब 3.20 बजे बाहर निकले तो मोटरसायकल नहीं था। आस-पास तलाश करने के बाद भी मोटरसायकल नहीं मिला। घटना की सूचना पर गांधीनगर थाना पुलिस मामला दर्ज करके विवेचना में जुटी है।

Categorized in: