अंबिकापुर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा ने 25 जून को पुलिस कोआर्डिनेशन सेंटर, सरगुजा भवन में रेंज स्तरीय दोषमुक्ति प्रकरणों की समीक्षा बैठक लेकर 663 प्रकरणों का बारीकी से समीक्षा करके निकाल किया। बैठक में मुख्य रूप से ऐसे मामलों पर विशेष चर्चा हुई जिसमें न्यायालय द्वारा आरोपियों को दोषमुक्त किया गया हो, इसके कारणों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य रूप से एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में संलिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने एवं अपराधियों की दोष सिद्धि प्रतिशत दर में वृद्धि हो, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से कमाए हुए धन की कुर्की, नीलामी करने के उद्देश्य से फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने पर आईजी ने जोर दिया।
समीक्षा बैठक में आईजी ने गंभीर प्रकरणों में विवेचकों द्वारा विवेचना में की जाने वाली त्रुटियों को दूर करने हेतु भौतिक साक्ष्यों की फोटो ग्राफी, वीडियोग्राफी कर साक्ष्यों को सावधानी से एकत्र करने एवं त्रुटियों में सुधार करने हेतु अभियोजन अधिकारियों के समक्ष विस्तृत चर्चा की। होस्टाइल हो रहे प्रार्थी एवं गवाहों को उनके द्वारा दिए गए अभिमत, कथन पर कायम रखने हेतु विवेचकों को प्रकरण के प्रार्थियों के साथ निरंतर संपर्क में रहने हेतु निर्देशित किया, जिससे प्रार्थी एवं गवाह अपने कथन को न्यायालय में निर्भीक एवं स्वतंत्र रूप से दे सकें और आरोपी न्यायालय से विचारण उपरांत दोष सिद्ध हो सकें और अपराधी को एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर समुचित सजा मिल सके। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित गंभीर प्रकरणों जैसे अनाचार एवं पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर प्रकरणों को लेकर आईजी दीपक कुमार झा ने कहा कि एफआइआर के पश्चात नवीन कानून के तहत 60 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से चालान पेश किया जाए। प्रार्थी, पीड़िता जिनका न्यायालय में 183 बीएनएसएस के अंर्तगत कथन लिया गया है, वो अगर न्यायालय में ट्रायल के दौरान होस्टाइल होते हैं तो उनके विरुद्ध धारा 307 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई हेतु लोक अभियोजक के माध्यम से न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने की पहल की जाए। एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट एवं सड़क दुर्घटनाओं के प्रकरणों में हो रहे दोषमुक्ति के कारणों की समीक्षा विवेचना में अवश्य लाएं। समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर, एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह, एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल, एसपी एमसीबी चंद्र मोहन सिंह, एसपी कोरिया रवि कुर्रे, एएसपी बलरामपुर विश्व दीपक त्रिपाठी एवं रेंज के समस्त जिला अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे।
रेंज स्तर पर 401 गुम इंसान दस्तयाब
समीक्षा की अगली कड़ी में रेंज में 1 जून से 30 जून तक चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन तलाशÓ के संबंध में जिलेवार महिला, पुरुष एवं बच्चों को अधिक से अधिक सकुशल दस्तयाब करने के निर्देश दिए गए थे। जिला इकाइयों की गठित टीम द्वारा अपने अथक प्रयास से अब तक रेंज स्तर पर 84 पुरुष और 317 महिला, कुल 401 गुम इंसान को ढूंढकर उनके परिवार से मिलाया गया है।

Categorized in: