पाठ्यक्रम के विपरीत पूरे प्रश्नपत्र में केवल न्यूमेरिकल प्रश्न पूछे गए
अंबिकापुर। शहर के राजीव गांधी पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में बी.कॉम द्वितीय सेमेस्टर की गणित की परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जिससे लगभग 400 छात्र प्रभावित हुए हैं। परीक्षा के प्रश्न पत्र में पाठ्यक्रम के अनुसार सैद्धांतिक, थ्योरी प्रश्न दिए जाने थे, लेकिन पूरे प्रश्नपत्र में केवल संख्यात्मक, न्यूमेरिकल प्रश्न ही पूछे गए, जो महाविद्यालय प्रबंधन और बी.कॉम विभाग की बड़ी चूक है, जिसने छात्रों के भविष्य को खतरे में डाल दिया। पूर्व में भी जब परीक्षा ली गई है, न्यूमेरिकल प्रश्नों के साथ थ्योरी से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए हैं। आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा को इसकी जानकारी मिली और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य से संपर्क किया और आवेदन सौंपकर उन्होंने प्राचार्य से इस त्रुटि की गहन जांच करने के निर्देश दिए। इनके हस्तक्षेप और छात्रों के हितों की पैरवी के बाद महाविद्यालय प्रबंधन ने इस मुद्दे को स्वीकार किया। प्राचार्य ने कहा कि गलती की निष्पक्ष जांच की जाएगी, ताकि छात्रों को इस चूक का खामियाजा न भुगतना पड़े। रचित मिश्रा ने कहा दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक प्रतिष्ठित महाविद्यालय में ऐसी बड़ी गलती हुई, जिससे सैकड़ों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया। बी.कॉम के पाठ्यक्रम में गणित में सैद्धांतिक और संख्यात्मक दोनों प्रकार के प्रश्न शामिल होते हैं, केवल संख्यात्मक प्रश्न देना छात्रों के साथ अन्याय है। यह घटना महाविद्यालयों में परीक्षा प्रणाली की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण की आवश्यकता को बल दे रहा है। भविष्य में ऐसी गलतियों को रोकने की पहल होनी चाहिए। इस दौरान छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, नीतीश पटेल, विकास, विवेक, आंचल, तूलिका, पायल मंडल सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Categorized in: