11 वर्ष पूर्व दुष्कर्म व चोरी के मामले में फरार स्थाई वारंटी भी पकड़ में आए
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने 24 घंटे के विशेष अभियान में 74 वारंट तामिल किए। न्यायालय द्वारा 11 वर्ष पूर्व दुष्कर्म एवं चोरी के प्रकरण में जारी अलग-अलग स्थाई वारंट को भी पुलिस ने तामिल किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने लुक-छिप कर रह रहे वारंटियों के विरूद्ध कार्रवाई शुरू की है। वारंटों की तामिली के दौरान थाना सीतापुर एवं कोतवाली अंबिकापुर द्वारा सर्वधिक वारंट तामिल किया गया। सरगुजा पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में सरगुजा जिले के समस्त थाना व चौकी क्षेत्र में न्यायालय द्वारा जारी स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंट की तामिली हेतु 24 घंटे का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना व चौकी क्षेत्र अंतर्गत वर्षों से लुक-छिपकर रहने वाले वारंटियों को पकड़कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। सरगुजा पुलिस ने विशेष अभियान के तहत वारंटियों की धरपकड़ के लिए राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की देख-रेख में जिला मुख्यालय एवं प्रत्येक थाना चौकी स्तर पर थाना/चौकी स्तर पर सुबह-सुबह वारंटियों के ठिकाने में औचक दस्तक दी। इस दौरान ऐसे वारंटी भी पुलिस के हाथ लगे, जिनके विरूद्ध न्यायालय ने 11 वर्ष पूर्व स्थाई वारंट जारी किया था। पुलिस ने कुल 50 स्थाई वारंट एवं 24 गिरफ्तारी वारंट तामिल किया है।
थानावार तामिल किए गए वारंटी
अभियान के दौरान थाना कोतवाली पुलिस टीम ने 5 स्थाई एवं 8 गिरफ्तारी वारंट, थाना गांधीनगर ने 5 स्थाई वारंट, थाना सीतापुर ने 12 स्थाई एवं 06 गिरफ्तारी वारंट, थाना बतौली ने 3 स्थाई एवं 2 गिरफ्तारी वारंट, थाना लुण्ड्रा ने 1 स्थाई एवं 01 गिरफ्तारी वारंट, थाना धौरपुर ने 5 स्थाई वारंट, थाना उदयपुर ने 6 गिरफ्तारी वारंट, थाना लखनपुर ने 11 स्थाई एवं 1 गिरफ्तारी वारंट, थाना दरिमा ने 8 स्थाई वारंट तामिल कर वारंटियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
11 वर्ष पूर्व इनके विरूद्ध स्थाई वारंट हुआ जारी
थाना सीतापुर अंतर्गत दुष्कर्म के प्रकरण में न्यायालय द्वारा 11 वर्ष पूर्व से जारी स्थाई वारंट के आरोपी जितेंद्र उर्फ गुणा निवासी बेलजोरा को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है, वहीं इसी थाना क्षेत्र से 11 वर्ष पूर्व न्यायालय द्वारा चोरी के मामले में जारी स्थाई वारंट के आरोपी भजन राम निवासी बिशुनपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने में पुलिस सफल हुई है।

Categorized in: