काफी दवा खाने के बाद भी स्वास्थ्य में नहीं हो रहा था सुधार, सरगुजा में कोरोना की दस्तक
अंबिकापुर। सरगुजा में कोविड पॉजिटिव का पहला केस सामने आया है। पीड़ित स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी है, जिसे होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। कोरोना की देश में पदचाप के बाद स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर कोरोना से निपटने के लिए तैयार है। मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड सुनिश्चित किया गया है, यहां जरूरत पड़ने पर कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर निवासी 31 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि आरटीपीसीआर जांच के बाद हुई है। पीड़ित कर्मचारी को एक सप्ताह से सर्दी, खांसी और शरीर में अत्यधिक दर्द की शिकायत थी। काफी दवा खाने के बाद वह ठीक नहीं हो रहा था। कोविड की आशंका पर 12 जून को वह अपना स्वास्थ्य जांच कराया, जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया है। कोरोना की सुगबुगाहट के बाद हाल में मॉक ड्रिल करके कोरोना संक्रमित मरीजों के आने पर बरती जाने वाली सावधानियों व मरीज को एंबुलेंस से लेकर जांच के लिए ले जाने और भर्ती कराने तक की प्रक्रिया से आगाह कराया गया था, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती करने में आसानी हो। इस केस के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सजग है। संक्रमित कर्मी के संपर्क में आए लोगों की पहचान और टेस्टिंग की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है, ताकि उक्त कर्मचारी कोरोना संक्रमित कैसे हुआ, इसकी हिस्ट्री मिल सके।
लक्षणों के आधार पर आरटीपीसीआर जांच में हुई पुष्टि
फोटो-डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता
महामारी नियंत्रण के नोडल अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में रोजाना 5 से 10 संभावित कोरोना के मरीजों की जांच की जा रही है। सरगुजा में फिलहाल पहला पॉजिटिव केस सामने आया है। मरीज कुछ दिन पूर्व बिलासपुर गया था, इसके बाद सर्दी, खांसी, शरीर में दर्द होने पर वह दवा खा रहा था लेकिन ठीक नहीं हो रहा था। लक्षणों के आधार पर आरटीपीसीआर जांच में कर्मचारी कोराना पॉजिटिव निकला, जिसे होम आइसोलेशन में रहने और परिवार सहित अन्य किसी के संपर्क में नहीं आने व स्वयं के उपयोग की वस्तुओं से परिवार के सदस्यों को दूर रखने कहा गया है। उन्होंने कहा कि अगर सर्दी-खांसी, बुखार से कोई पीड़ित हैं, और उसकी बीमारी दूर नहीं हो रही है, तो घबराएं नहीं, कोविड की जांच कराएं, कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने पर नियमों का पालन करें। मास्क पहनें, सार्वजनिक जगहों पर जाने से परहेज करें। उन्होंने आम लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

Categorized in: