महापौर व सभापति ने निगम के प्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
अंबिकापुर। निकाय क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था हेतु स्थापित 15 उच्च स्तरीय जलागारों की सफाई अत्याधुनिक तरीके से कराई जा रही है। प्रथम चरण में 9 उच्च स्तरीय जलागारों की सफाई का कार्य प्रारंभ किया गया है। इस वर्ष समस्त 15 उच्चस्तरीय जलागारों की सफाई के कार्य की जिम्मेदारी निविदा के माध्यम से एजेंसी को दी गई है। एजेंसी के दक्ष कर्मचारियों के द्वारा अत्याधुनिक तरीके से मशीनों के माध्यम से पानी टंकियों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। इसमें हाई प्रेशर वैक्यूम क्लिनिंग, एंटी बैक्टिरियल एवं यू.वी. ट्रीटमेंट कार्य शामिल है। सफाई कार्य के बाद निकाय के समस्त जलागारों से शहरवासियों को साफ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।
पानी टंकियों की सफाई के क्रम में नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत व सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी ने नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक भवन पानी टंकी का निरीक्षण किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि नगर की जनता के स्वास्थ्य हित व शुद्ध, स्वच्छ पेयजल सप्लाई करने के उद्देश्य से बाहर से आई टीम के माध्यम से शहर के जलागारों की सफाई अत्याधुनिक तरीके से कराई जा रही है। इसके पहले जलागारों, पानी टंकियों की सफाई का कार्य विभागीय कर्मचारियों के माध्यम से कराया जाता था, जिससे बेहतर सफाई नहीं हो पाती थी। जल प्रदाय के शाखा प्रभारी जितेंद्र सोनी ने बताया कि महापौर मंजूषा भगत के निर्देश पर नगर की 15 उच्चस्तरीय टंकियों की अत्याधुनिक तरीके से कुशल टेक्निकल कर्मचारी सफाई कर रहे हैं और ट्रीटमेंट का कार्य किया जा रहा है। पार्षद एवं नागरिकों से इस कार्य के दौरान जल सप्लाई में होने वाली असुविधा हेतु सहयोग करने का आग्रह किया गया है। प्रभावित वार्डों में टैंकर के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाएगी। पानी टंकियों की सफाई कार्य के निरीक्षण दौरान एम.आई.सी. सदस्य श्वेता गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, पार्षद शैलेश सिंह शैलू, निरंजन राय, जलप्रदाय विभाग के प्रभारी प्रशांत खुल्लर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: