अंबिकापुर। सरगुजा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गायब हुए महिला-पुरूषों की तलाश के लिए पुलिस विशेष अभियान चलाकर कई परिवारों की खुशियां लौटाने में लगी है। इस अभियान को ऑपरेशन तलाश नाम दिया गया है। अभियान के तहत सरगुजा पुलिस ने 10 दिनों के अंदर 43 गुमशुदा महिला-पुरूषों को बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले की पुलिस को गुम इंसान के मामलों में संवेदनशील रहते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के फलस्वरूप गुम इंसान की तलाश स्वजनों से संपर्क करके और तकनीकी माध्यम से की जा रही है। थाना लखनपुर पुलिस टीम ने सर्वाधिक 10 व कोतवाली अंबिकापुर पुलिस ने 9 गुम इंसानों को बरामद किया है।
बता दें कि पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशन में गुम इंसानों की तलाश हेतु ऑपरेशन तलाश अभियान की शुरुआत एक जून से की गई है, जो माहांत तक चलेगा। अभियान को संज्ञान में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने सरगुजा जिला के अधीनस्थ थाना व चौकी प्रभारियों को अधिक से अधिक संख्या में गुम इंसानों को तलाश कर स्वजन के सुपुर्द करने के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में जिले की पुलिस टीम ने एक जून से 10 जून के बीच 43 गुम इंसानों को खोज निकाला है, जिसमें 31 महिला एवं 13 पुरुष शामिल हंै। सभी गुम इंसानों को उनके स्वजनों के सुपुर्द किया गया है। अभियान की सफलता के लिए सरगुजा पुलिस गुम इंसानों के स्वजन से संपर्क कर आवश्यक जानकारी हासिल करने में लगी है, इसके बाद जरूरत पड़ने पर तकनीकी माध्यम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे गुम इंसान को दस्तयाब करने में पुलिस को सफलता मिल रही है। पुलिस के हाथ कई ऐसे गुम इंसान लगे हैं, जो कई वर्षों से गायब थे। स्वजन काफी हाथ-पैर मारने के बाद इनके मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे।
थानावार बरामद गुम इंसान
कोतवाली थाना अंबिकापुर ने 9, थाना गांधीनगर ने 2, थाना सीतापुर ने 7, थाना लखनपुर ने 10, थाना उदयपुर ने 2, थाना बतौली ने 3, थाना दरिमा ने 7, थाना कमलेश्वरपुर ने 3 गुम इंसान बरामद किए हंै।

Categorized in: