अंबिकापुर। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नर्मदापुर माझापारा निवासी एक युवक ने बुधवार को अपनी पत्नी और पुत्री को कुल्हाड़ी से हमला करके मौत के घाट उतार दिया, इसके बाद वह खुद फांसी लगाकर खुदकुशी करने की तैयारी कर रहा था, तभी पुलिस व ग्रामीणों ने छप्पर तोड़कर उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस ने आरोपी को जेल दाखिल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सुशील माझी 34 वर्ष कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम माझापारा का रहने वाला है। बुधवार की सुबह करीब 7 बजे वह पत्नी संझई माझी 32 वर्ष और बेटी प्रियंका 7 वर्ष को कमरे में बंद कर मारपीट किया। सुबह करीब 11 बजे पत्नी-बेटी को आसपास के लोगों ने चिल्लाते सुना, फिर अचानक घर से आवाज आनी बंद हो गई। आसपास के लोगों ने सुशील माझी के घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन वह दरवाजा नहीं खोला। ग्रामीणों ने छप्पर उजाड़कर कमरे में झांका तो अंदर पत्नी और बेटी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। ग्रामीण फौरन डॉयल 112 की टीम को कॉल करके बुलाए। इस दौरान आरोपी फांसी लगाने की तैयारी कर रहा था। छप्पर के रास्ते ग्रामीण और पुलिस घर के अंदर घुसकर उसे पकड़ लिए। इस दौरान आरोपी ने गांव के भोदल राम पर चाकू से हमला करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। ग्रामीणों ने अंदर से जैसे ही दरवाजा खोला, वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खून से सना कुल्हाड़ी जब्त किया है। ग्रामीणों ने बताया कि सुशील माझी पहले होटल में मिस्त्री का काम करता था। कुछ समय पहले उसने नर्मदापुर जनपद पंचायत के सामने होटल भी खोला था। सुशील माझी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन इलाज नहीं कराया। बीच में वह खुद ठीक हो गया था।

Categorized in: