शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर वारदात को दिया अंजाम, चंद घंटे में हुआ गिरफ्तार
अंबिकापुर। शहर के हृदयस्थल कलेक्टोरेट परिसर से लगे कलाकेन्द्र मैदान में गुरूवार की रात शराब नहीं पिलाने से नाराज बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मैदान में फन वर्ल्ड डिजनीलैण्ड मेला का संचालन होने के कारण लोग आना-जाना कर रहे थे, लेकिन सभी हत्या की वारदात से अनजान थे। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने चंद घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर लिया है।
मजदूरी करके जीवनयापन करने वाली संतोषी लकड़ा ने पुलिस को बताया है कि मजदूरी करते समय तेलगवां जरही के शिवा घसिया से उसकी पहचान हुई, इसके बाद 5 साल से वह उसके साथ पत्नी बतौर रह रही थी। वर्तमान में वे घड़ी चौक से लगे अनन्या होटल के पास रहकर मजदूरी करके जीवकोपार्जन कर रहे थे। गुरूवार की शाम को करीब 5.30 बजे मजदूरी करके उसका पति वापस आया था। इस दौरान हमेशा की तरह उसका जेठ शिव आया और अपने भाई शिवा से शराब पीने के लिए पैसा देने के लिए कहा। पैसा नहीं देने पर वह भाई से विवाद करते हुए झगड़ा करने लगा। इसके बाद शिवा अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ भागकर कलाकेन्द्र मैदान में नीम के पेड़ के नीचे आ गया, जहां मेला लगा था। यहां आने के बाद संतोषी आलू लेने बाजार चली गई थी। आलू लेकर वापस आई, तो रात करीब 9 बजे पीछे से जेठ शिव लकड़ी का डण्डा लेकर आया और अपने भाई को शराब पिलाने के लिए कहा। हाथ में पकड़े डण्डा से पहले उसके पति को मारने का प्रयास किया, जिससे वह बच गया। इसके बाद जेब से चाकू निकाल कर बहू संतोषी पर हमला किया, वह भी इसके वार से बच गई। पुन: चाकू से वह अपने भाई पर प्राणघातक वार किया, जिसमें उसके पति को गंभीर चोटें आई थी। उसे बचाव के लिए चिल्लाने का मौका भी नहीं मिल पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। जेठ की हरकत को देखकर संतोषी अपनी बच्ची को गोद में लेकर लोगों को घटना की जानकारी देने गई लेकिन वहां आसपास कोई नहीं मिला। वापस आई तो उसका पति शिवा लहूलुहान हालत में गिरा हुआ था, और काफी खून बह रहा था। आरोपी भाई हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना रात 9.32 बजे कोतवाली पुलिस को मिली, इसके बाद पुलिस टीम और एफएसएल के अधिकारी पहुंचे। शव को मौका पंचनामा करने के बाद पुलिस ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मर्च्युरी में रखवाया था। आरोपी के विरूद्ध धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में ली और शिव घसिया पिता रामसुन्दर 30 वर्ष, निवासी तेलगंवा जरही थाना भटगांव जिला सूरजपुर को चंद घंटे में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से घटना के संबंध में पूछने पर बताया कि वह अपने भाई से शराब पीने के लिए पैसे की मांग किया था, पैसा नहीं देने पर आवेश में आकर चाकू से हमला करके वह उसकी हत्या कर दिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू पुलिस ने जप्त किया है। आरोपी को पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, उप निरीक्षक वंश नारायण शर्मा, सहायक उप निरीक्षक विजय गुप्ता, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, रमन मण्डल, विवेक राय, चंचलेश सोनवानी, सुशांत यादव सक्रिय रहे।

Categorized in: