शिक्षक पेड़ के नीचे खड़े रहकर घंटों किए इंतजार, सत्ता पलटने का वजूद रखने की भी जुगाली
अंबिकापुर। शहर के मल्टीपरपल हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में मंगलवार को भारी विरोध के बीच युक्तियुक्तकरण के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया वीडियोग्राफी के साथ की गई। इसके पहले करीब 9.30 बजे शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रक्रिया को लेकर विरोध जताया। शिक्षकों के रूख को देखते हुए मल्टीपरपज स्कूल परिसर पुलिस की मौजूदगी से छावनी बन गया। इधर काउंसलिंग की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कई शिक्षक कक्ष के बाहर गैलरीनुमा बरामदे में बैठे थे। विरोध का स्वर मुखर कर रहे शिक्षक व संघ से जुड़े लोगों की इच्छा थी कि शिक्षक युक्तियुक्तकरण के लिए चल रही प्रक्रिया में शामिल न हों। इनके द्वारा की जा रही नारेबाजी को देखते हुए एलाउंस करके आगाह कराया गया कि जो शिक्षक काउंसलिंग में शामिल होना चाहते हैं, वे अंदर आ जाएं और जो जाना चाहते हैं, वे जा सकते हैं। स्कूल परिसर में शिक्षकों की काफी संख्या में मौजूदगी से गहमागहमी बनी रही। पहले दिन प्राइमरी स्कूल के अतिशेष शिक्षक काउंसिलिंग के लिए बुलाए गए थे। काउंसलिंग के दौरान शिक्षकों के लिए कोई व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई थी। शिक्षक पेड़ों के नीचे मजदूरों की तरह घंटों खड़े रह गए। इन्हें वरिष्ठता के क्रम से बुलाया जा रहा था। शिक्षकों के आपत्ति को नजरअंदाज करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसे लेकर शिक्षकों के साझा मंच और आम शिक्षकों में रोष है। आक्रोशित शिक्षक सत्ता पलटने का वजूद रखने की पुरानी यादों को ताजा करते भी नजर आए।
बता दें कि युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत सरगुजा जिले में एक हायर सेकेंडरी समेत 14 स्कूलों को बंद करके 227 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है। सोमवार को डीईओ कार्यालय में अतिशेष सूची को लेकर दावा आपत्ति आमंत्रित की गई थी, मंगलवार को प्राइमरी स्कूल के अतिशेष शिक्षक काउंसिलिंग के लिए बुलाए गए थे। प्राथमिक विद्यालयों के हेडमास्टर और सहायक शिक्षकों को काउंसलिंग के लिए शासकीय मल्टीपरपज स्कूल बुलाया गया था। पहले दिन 300 शिक्षकों को काउंसिलिंग की गई, जो देर शाम तक चली। सरगुजा जिला में कुल 788 पद रिक्त हैं, जबकि अतिशेष शिक्षकों की संख्या लगभग 1035 है। शेष बचे हुए शिक्षक जेडी के समक्ष उपस्थित होंगे। इनका आवश्यकता अनुसार स्कूलों में समायोजन किया जाएगा। सरगुजा जिले में प्राइमरी स्कूलों के शिक्षकों के रिक्त पद से अधिक शिक्षक अतिशेष हैं, क्योंकि प्राथमिक शालाओं का सेटअप ही घटा दिया गया है। इस कारण जिले में समायोजन के बाद भी अतिशेष शिक्षक बचेंंगे। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने शिक्षकों से कहा कि, सभी दावा आपत्तियों का निराकरण कर लिया गया है। अतिरिक्त अतिशेष सूची जारी की गई है, जिनका दावा सही मिला, उनका नाम विलोपित किया गया है। यदि इसके बाद भी आपत्ति आएगी तो सुनवाई होगी।
आपत्ति और खामियों को कर दिया नजरअंदाज
युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत 3 जून को सहायक शिक्षकों की काउंसलिंग 10 बजे से निर्धारित की गई थी। शिक्षकों का साझा मंच अतिशेष शिक्षकों के काउंसलिंग का बहिष्कार करने के निर्णय पर कायम रहते हुए विरोध दर्ज करा रहा था। नारेबाजी के बीच शिक्षकों ने काउंसलिंग की प्रकिया पर भी आपत्ति उठाई और कई खामियां गिनाई। इस पर अधिकारी आश्वस्त किए कि पूरी प्रकिया पारदर्शी रहेगी। विरोध का स्वर मुखर होने से काउंसलिंग 10.30 बजे शुरू की गई। शिक्षकों के साझा संगठन ने विसंगतिपूर्ण युक्तियुक्तकरण का आगे भी विरोध जारी रखने का निर्णय लिया है।
शिक्षकों ने कहा-युक्तियुक्तकरण विसंगतियों से लबरेज
शिक्षकों के साझा मंच ने युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में कई त्रुटियां बताई है। हॉस्टल अधीक्षकों को इस सूची से बाहर रखा गया है, माध्यमिक शाला में कोई विषय बंधन नहीं रखा गया है। परीवीक्षा अवधि वाले शिक्षकों को अतिशेष की सूची में शामिल नहीं करना था, लेकिन किया जा रहा है। हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूल में 2008 के सेटअप अनुसार अतिशेष काउंसलिंग का निर्देश है, पर इन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिक्षकों ने कहा कि युक्तियुक्तकरण विसंगतियों से भरा हुआ है इसका कोई आधार नहीं है। नियमों का पालन किए बगैर युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है। विसंगति को लेकर काउंसिलिंग शुरू होने के पहले से ही शिक्षकों के साझा मंच ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मंच के प्रांतीय पदाधिकारी हरेन्द्र सिंह, सुनील सिंह, मुकेश मुदलियार, जिला संचालक कमलेश सिंह, संदीप पांडेय, सर्वजीत पाठक, काजेश घोष, राकेश दुबे, विनोद कुमार, संतोष सिंह ब्लॉक अध्यक्ष सुशील मिश्र,लखन राजवाड़े, राकेश पांडेय, जवाहर खलखो, अमित सोनी, अरविंद सोनी, महेश यादव, सत्यप्रकाश गुप्ता, राकेश कैवर्त, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष कंचनलता, ललिता पोर्ते सहित काफी संख्या में शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित रहे।
इन स्कूलों का काउंसिलिंग आज
बुधवार को मिडिल स्कूल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल के अतिशेष शिक्षकों की काउंसलिंग की जाएगी।

Categorized in: