अंबिकापुर। कोल ट्रेडिंग का काम करने का झांसा देकर फर्जी कूटरचित गारंटी पत्र देने और एक करोड़ 30 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। आरोपी ने 10 लाख रुपये का फर्जी चेक भी प्रदान किया था।
श्री सांई इंटरप्राजेज के प्रोपराइटर गुरसिमरन सिंह बाबरा, निवासी नमनाकला रिंग रोड ने पुलिस को बताया है कि मई 2024 में इन्द्रप्रस्थ सॉल्यूशन के संचालक और कोल ट्रांसपोर्टर युग गोयल निवासी रायगढ़ गजानंदपुरम ने घर आकर कोल ट्रेडिंग का काम दिलाने का झांसा देते हुए कहा कि सुरक्षा धन जमा करने पर वह कोल ट्रेडिंग का काम दिला देगा। इसके बाद वह धोखे में रखकर दिनांक 24.06.2024 को 40 लाख रुपये, 26.06.2024 को 10 लाख रुपये, 3.7.2024 को 10 लाख, 11.07.2024 को 10 लाख, 16.07.2024 को 2 लाख, 18.07.2024 को 8 लाख, 19.07.2024 को 5 लाख, 20.07.2024 को 3 लाख, 25.07.2024 को 3 लाख, 29.07.2024 को 3 लाख, 30.07.2024 को 7 लाख, 12.08.2024 को 8 लाख, 18.08.2024 को 1 लाख 80 हजार रुपये और नगद 9 लाख 20 हजार रुपये ले लिया। 1 करोड़ 20 लाख रुपये ऑनलाइन और नगद में लेने के बाद वह कोल ट्रेडिंग का काम सितम्बर 2024 में दिलाने को कहा था। समय नजदीक आने पर वह कहा कि कोल ट्रेडर्स और फैक्ट्रियों से काम नहीं जमा इसलिए वह रकम वापस कर देगा, जिसे वह अपने ट्रांसपोर्टिंग के काम में लगा दिया है। रुपये मांगने पर युग गोयल अपने एक्सिस बैंक लिमिटेड तथा कोटेक महिन्द्रा बैंक का किस्तों में राशि लिखकर कई चेक दिया, जो बाउंस हो गया। इसकी जानकारी देने व नोटिस देने के बाद भी युग गोयल ने झांसा दिया कि उसके ट्रांसपोर्टिंग का बिल कई कंपनियों में बकाया है, यहां से पेमेंट प्राप्त होने पर वह अपने दिए हुए चेक में उल्लेखित रकम का भुगतान कर देगा। 12.03.2025 को युग गोयल उनके घर आकर कई बिल, बैलेंस सीट और स्वयं के नाम पर जारी करोड़ों रुपये का डी.ओ. दिखाकर भरोसा दिलाया कि उसका पेमेंट फैक्ट्रियों में फंसा है, कुछ क्लीयरेंस खनिज विभाग से रायल्टी के संबंध में कराना है। खनिज विभाग में रायल्टी जमा कर एन.ओ.सी. लेने के बाद उसे बिल का भुगतान हो जाएगा, इसके लिये 10 लाख रुपये की जरूरत है। युग गोयल के द्वारा दिखाए गए कागजातों के बाद वह भरोसे में आकर पूर्व में दिए गए एक करोड़ 20 लाख रुपये जल्द मिलने के चक्कर में उन्होंने पुन: 10 लाख रुपये नगद दे दिया, इसके एवज में वह एक गारंटी पत्र लिखकर, साथ में 10 लाख रुपये का दो चेक भी दिया और कहा कि रायगढ़ वापस जाने के बाद वह अपने बैंक खाता में 10 लाख रुपये जमा कर देगा, जिसे वे चेक से निकाल सकते हैं। 25.03.2025 को युग गोयल के कहने पर जब उन्होंने चेक जमा किया तो दोनों चेक बाउंस हो गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी युग गोयल के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: