1 से 30 जून तक राज्य के सभी जिलों में पुलिस चलाएगी विशेष अभियान
अंबिकापुर। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य में गुम इंसानों को ढूंढने के लिए एक विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश चलाया जाएगा, जो राज्य भर में आज एक जून से 30 जून तक चलेगा। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ के निर्देशों के परिपालन में दीपक झा पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के नेतृत्व में रेंज के सभी जिलों में गुमशुदा महिला, पुरुष एवं बच्चों की खोजबीन करने हेतु जिला इकाइयों में टीम का गठन करने का निर्देश देते हुए ऑपरेशन तलाश के जरिए गुमशुदा महिला, पुरुष एवं बच्चों को अधिक से अधिक दस्तयाब करने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा ऑपरेशन तलाश को सफल बनाने के लिए हमें महिला एवं बाल विकास, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संगठनों आश्रय स्थल, नारी निकेतन, सखी वन स्टॉफ सेंटर से भी समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक गुम इंसानों को ढूंढकर उन्हें सकुशल परिजनों को सौंपने में सफलता हासिल होगी। रेंज आईजी ने ऑपरेशन तलाश को सफल बनाने व अधिक से अधिक दस्तयाब के लिए कहा है। यदि किसी भी गुम महिला, पुरुष या बच्चे का राज्य से बाहर, दीगर राज्य में होने की सूचना मिलती है तो उन्हें पता-तलाश करने हेतु रेंज स्तरीय टीम के जरिए सकुशल लाने का पुलिस द्वारा अथक प्रयास किया जाएगा।

Categorized in: