शार्ट-सर्किट की संभावना, दस्तावेज सुरक्षित रहने से सभी ने राहत की सांस ली
अंबिकापुर। नगर निगम के प्रशासनिक भवन में आयुक्त के कक्ष के सामने स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय कक्ष में गुरूवार को सुबह करीब 11 बजे आग लग गई। शार्ट-सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलने पर मौके पर अग्निशमन विभाग के फायरमैन पहुंचे और आग को काबू में कर लिया, जिससे आग की चपेट में आने से कई महत्वपूर्ण शासकीय रिकार्ड सहित अन्य कार्यालयीन सामान सुरक्षित हैं। आग की चपेट में कुछ शासकीय रिकार्ड आंशिक रूप से सामने आने की सुगबुगाहट मिल रही है।
बता दें कि नगर निगम के प्रशासनिक भवन के प्रथम तल पर लोक निर्माण विभाग का कार्यालय है। यहां निर्माण, मरम्मत व विभागीय निविदा से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलें रखी हैं। गुरूवार को कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारी पहुंच गए थे, इसी दौरान करीब 11 बजे अचानक कार्यालय में लगे विद्युत पैनल के तार में शार्ट सर्किट होने से चिंगारियां निकलने लगी। कार्यालय में मौजूद कर्मचारी तत्काल इसकी जानकारी अन्य कर्मचारियों को दिए। कार्यालय में देखते ही देखते काला धुंआ भर गया, जिस कारण कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। इसकी जानकारी फायर स्टेशन में दी गई और निगम के प्रशासनिक भवन में भूतल पर लगे बिजली के मुख्य पैनल से विद्युत आपूर्ति को बंद किया गया, जिससे शासकीय कामकाज में बाधा की स्थिति बन गई। इस बीच फायर ब्रिगेड की टीम निगम के प्रशासनिक भवन में पहुंच गई थी, जिसने सूझबूझ का परिचय देते हुए आग बुझाना शुरू किया। मुख्य पैनल के बंद रहने के कारण आग फैल नहीं पाई और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। आग के बुझने पर सभी ने राहत की सांस ली। निगम के प्रशासनिक भवन में शार्ट-सर्किट से आग लगने की सूचना पर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप भी पहुंचे, उन्हें कर्मचारियों ने घटना की जानकारी दी। आग के बुझने के बाद कर्मचारियों ने कार्यालयीन फाइलों का निरीक्षण किया, जिसमें अधिकांश दस्तावेज सुरक्षित मिले।
बयान
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है, अभी तक किसी प्रकार से शासकीय दस्तावेजों को नुकसान पहुंचा हो, इसकी जानकारी नहीं मिली है। उन्हें शार्ट-सर्किट से लोक निर्माण विभाग के कार्यालयीन कक्ष में आग लगने की जानकारी कर्मचारियों ने दी थी।
डी.एन. कश्यप
आयुक्त, नगर पालिक निगम

Categorized in: