नया वक्फ कानून मुस्लिम समाज के विकास की दिशा में बड़ा कदम
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि नया वक्फ कानून मुस्लिम समाज के हित में है। कांग्रेस द्वारा भ्रम फैलाया गया था कि मस्जिद, इमामबाड़ा की जमीन भी ले ली जाएगी, लेकिन 1 इंच भी जमीन नहीं ली गई है। नया वक्फ बिल मुस्लिम समाज की तरक्की और शिक्षित करने वाला है। रेलवे और सेना के बाद वक्फ बोर्ड सबसे बड़ा है, लेकिन आज मुसलमान की हालत दलितों से भी दयनीय हो चुकी है। वक्फ प्रॉपर्टी में समाज के ठेकेदार और कांग्रेस के नेताओं का कब्जा है। वक्फ बोर्ड भू माफिया के रूप में काम कर रहा है। आज तक वक्फ ने ना कोई स्कूल, अस्पताल बनवाया और ना ही किसी तलाकशुदा महिला के हित में काम किया है। वक्फ बोर्ड में समाज के कुछ प्रमुख लोग ही काबिज हैं और वही इसका फायदा भी उठा रहे हैं। आम मुस्लिम समुदाय को इसका कुछ लाभ नहीं मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में 5 हजार करोड़ से अधिक की 5731 प्रॉपर्टी है, इतनी प्रॉपर्टी होने के बाद भी वक्फ बोर्ड को 5 लाख रुपये सालाना नहीं मिलता। प्रमुख लोग अपने अधीनस्थ प्रॉपर्टी को रख लिए हैं। भाजपा की मोदी सरकार ने जो विकसित भारत का सपना देखा है उसके लिए मुस्लिम समाज का उन्नति व शिक्षित होना आवश्यक है। नया वक्फ बोर्ड से आमूल-चूल परिवर्तन होगा। अब हॉस्पिटल, स्कूल, शॉपिंग मॉल बनेंगे जो सभी के हित में रहेगा। नए वक्फ बोर्ड कानून को लेकर समाज के लोगों में विरोध नहीं है, कुछ समाज के ठेकेदार ही विरोध कर रहे हैं। सलीम राज ने आगे कहा कि भाजपा सरकार द्वारा ट्रिपल तलाक कानून लागू करने से 26 प्रतिशत कटौती आई है, भाजपा काम रही है तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि जितनी प्रॉपर्टी है उससे वक्फ बोर्ड को सालाना कम से कम 200 करोड़ की आमदनी होनी चाहिए। सरगुजा संभाग में वक्फ बोर्ड की 218 प्रॉपर्टी चिन्हित की गई है। इस दौरान हरपाल सिंह भमरा, कैश मोहम्मद सहित अन्य उपस्थित थे।
1800 को और दिया जाएगा नोटिस
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अभी तक वक्फ बोर्ड ने 541 नोटिस दिए हैं, जिनमें वक्फ बोर्ड के कई जमीनों की फर्जी रजिस्ट्री हो चुकी है। इसे निरस्त करने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा गया है। 1800 और नोटिस अभी कुछ दिनों में जारी होंगे। सरकारी गाइड लाइन के अनुसार सभी को किराया देना होगा। पत्रकारों के प्रश्न पर अध्यक्ष ने कहा कि उनके विरुद्ध कई फतवे जारी हो चुके हैं, उन्हें काफी प्रेशर भी झेलना पड़ा, लेकिन वे सच्चाई के साथ हैं। भाजपा मुसलमान विरोधी नहीं, कांग्रेस पार्टी समाज के लोगों को गुमराह करती है।
मंदिर बनाने अनुदान देने तैयार सरकार
सद्भावना ग्राम तकिया मजार के पीछे स्थित मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर प्रश्न पर उन्होंने कहा कि अगर जनपद से प्रस्ताव आएगा तो राज्य सरकार मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए रुपये देने तैयार है। गौरतलब है कि तकिया मजार के पीछे एक देवी का मंदिर है, जिसकी देखरेख एक पहाड़ी कोरवा बैगा के द्वारा किया जाता है, वह ही यहां पूजा पाठ संपन्न करता है। अंजुमन कमेटी पहाड़ी कोरवा बैगा को खर्च के रूप में 300 रुपये देती है, लेकिन अब तक उस मंदिर का जीर्णोद्धार नहीं होने के कारण खुले आसमान में ही पूजा-पाठ होता है। पूर्व में ग्राम तकिया के लोगों ने भी मंदिर का निर्माण कराने की मांग की थी, ताकि सद्भावना ग्राम तकिया के नाम अनुरूप सद्भावना बनी रहे।
आतंकियों को समर्थन भारत बर्दास्त नहीं करेगा
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान के परिप्रेक्ष्य में कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर देश की सुरक्षा के लिए ज़रूरी कदम है। जो भी आतंकवाद या देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होगा, उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो। पाकिस्तान बार-बार आतंकियों को समर्थन देता है, जिसे भारत कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। इस देश की मिट्टी हमारी पहचान है। हम सबको मिलकर भारत की सुरक्षा और एकता को मज़बूत करना है।

Categorized in: